Bihar Weather: बिहार में अगले 72 घंटे में शुरु होगी कड़ाके की ठंड, नवंबर में टूटा जनवरी का रिकॉर्ड, मौसम विभाग का अलर्ट जारी

Bihar Weather: सुबह के समय गंगा के मैदानी इलाके और उत्तर बिहार में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति रहेगी, जिससे दृश्यता में आंशिक कमी आएगी। कोहरा और बढ़ते प्रदूषण से वायु गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है।

ठंड
नवंबर में टूटा जनवरी का रिकॉर्ड- फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। नवंबर का आधा महीना बीत चुका है और अभी राज्य में दिसंबर और जनवरी जैसी ठंड महसूस हो रही है। ठंड से ठिठुरन बढ़ रही है। राज्य में रात का तापमान लगातार 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। सुबह और शाम में सूरज ढलते ही लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पटना, गया, रोहतास सहित लगभग 15 जिलों में अगले 72 घंटों के दौरान तापमान में और गिरावट होगी और ठंड का असर बढ़ जाएगा।

उत्तर-पश्चिमी हवाओं से बढ़ी कड़ाके की ठंड

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर बिहार तक पहुंच रहा है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं तापमान में तेजी से गिरावट ला रही हैं। अगले 48 घंटों में पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, गोपालगंज, सीवान और सारण जिलों में रात का तापमान 1-2 डिग्री सेल्सियस कम होने की संभावना है।

सुबह घना कोहरा, रात में बढ़ेगी कंपकंपी

बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में सुबह घना कोहरा छाया रहेगा। कई जिलों में दृश्यता 50 मीटर तक गिर सकती है। रात में ठंडी पछुआ हवाएं (लगभग 30 किमी/घंटा तक) कंपकंपी बढ़ाएंगी। दिन का तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 11 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। तापमान अगले कुछ दिनों में 8-9 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है।

20 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी के अनुसार अगले एक सप्ताह तक दक्षिण बिहार में अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी भागों में यह 28-30 डिग्री तक जा सकता है। दक्षिण मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार में न्यूनतम तापमान 11-14 डिग्री तक गिरने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में यह 14-16 डिग्री के बीच रहेगा।

अब शुरु होगी कड़ाके की ठंड 

सुबह के समय गंगा के मैदानी इलाके और उत्तर बिहार में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति रहेगी, जिससे दृश्यता में आंशिक कमी आएगी। कोहरा और बढ़ते प्रदूषण से वायु गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है। कुल मिलाकर, अगले एक सप्ताह तक बिहार में मौसम शुष्क, ठंडा और कोहरे से प्रभावित रहने का अनुमान है।