उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा के भूमि विवाद निपटाने के प्रयासों की विधान परिषद में खूब हुई तारीफ, अधिकारियों को दिया कड़ा संदेश
उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने बताया कि राज्य में करीब 46 लाख भूमि परिमार्जन से जुड़े मामले हैं. जो 8363 आवेदन आया है उसमें त्वरित गति से 2414 आवेदन का निपटारा हुआ है.
Bihar Vidhan Parishad : बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को विधान परिषद में भूमि परिमार्जन के मामलों में आई तेजी को संतोषजनक बताया. साथ ही उनके प्रयासों को सभापति अवधेश नारायण सिंह के साथ ही विपक्षी सदस्यों ने भी सराहा. राज्य में भूमि विवाद के मामलों को निपटाने के लिए उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा की पहल पर किए जा रहे प्रयासों को लेकर जदयू के नीरज कुमार से सवाल किया.
नीरज कुमार ने बताया कि बिहार में पहले मर्डर के पीछे 61 फीसदी भूमि विवाद का कारण था. लेकिन सरकार के प्रयासो के कारण अब 41 फीसदी हत्या के मामले भूमि विवाद के कारण हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि बिहार में भूमि परिमार्जन के लिए 8363 आवेदन आए. इसमें कितने आवेदनों का निष्पादन हुआ. इस पर उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने बताया कि उनके प्रयासों से राज्य में प्रत्येक जिले में भूमि विवाद के वर्षो पुराने मामलों का निपटारा हुआ है. उन्होंने पूर्णिया के एक महिला के वर्षों से लंबित भूमि परिमार्जन का मामला त्वरित रूप से निष्पादित होने का जिक्र किया.
साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 46 लाख भूमि परिमार्जन से जुड़े मामले हैं. जो 8363 आवेदन आया है उसमें त्वरित गति से 2414 आवेदन का निपटारा हुआ है. विजय सिन्हा के जवाब पर सभापति अवधेश नारायण सिंह ने संतोष जताते हुए कहा कि आपके कार्यों की हर जगह सराहना हो रही है. इसी बीच राजद के डॉ सुनील सिंह ने कहा कि बिहार में विजय सिन्हा के कारण काम हो रहा है लेकिन राज्य के 534 प्रखंडों में कोई भी ऐसा प्रखंड नहीं है जहां बिना पैसा के काम होता हो .
इस पर विजय सिन्हा ने कहा कि जब मौसम बदलता है तब लोग कपड़े भी बदल लेते हैं. ऐसे में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में भी काम का तरीका बदला है तो यहां भी मौसम अनुरूप लोग कपड़े बदलेंगे .