Anant Singh V/S Sonu Monu : मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह फिलहाल बेऊर जेल में बंद हैं। अनंत सिंह की रिहाई पर आज अहम सुनवाई होनी है। अनंत सिंह जेल से बाहर आएंगे या नहीं यह अब से कुछ देर में सामने होगा। अनंत सिंह 24 जनवरी से बेऊर जेल में बंद हैं। आज पटना के सिविल कोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। मोकामा में हुए गोलीकांड मामले में अनंत सिंह जेल में है। सोनू भी फिलहाल जेल में बंद हैं। वहीं पुलिस मोनू की तलाश कर रही है। मोकामा के बाहुबली नेता और सोनू मोनू गैंग में गोलीबारी हुई थी।
आज होगी अहम सुनवाई
दरअसल, हथियारों के अवैध प्रयोग और हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद पूर्व विधायक अनंत सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई 30 जनवरी को पटना सिविल कोर्ट स्थित एक विशेष अदालत में होगी। यह सुनवाई सांसदों और विधायकों के आपराधिक मामलों के लिए गठित विशेष अदालत के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अमित वैभव की अदालत में होगी।अनंत सिंह के वकील सुनील कुमार ने उनकी नियमित जमानत याचिका दायर की, जिसे अदालत ने सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है। यह मामला पटना जिले के मोकामा क्षेत्र के पंचमहला थाने में दर्ज थाना कांड संख्या 4/2025 से संबंधित है।
बेऊर जेल में बंद है बाहुबली नेता
आरोपों के अनुसार, इस मामले में अभियुक्तों ने अवैध रूप से भीड़ जुटाकर गोलीबारी की और हत्या का प्रयास किया। इस घटना में पूर्व विधायक अनंत सिंह, उनके प्रतिद्वंद्वी सोनू और मोनू समेत कुल 20 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पूर्व विधायक ने बाढ़ व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद से वे 24 जनवरी से जेल में हैं। यह मामला बाढ़ से स्थानांतरित होकर अब पटना की विशेष अदालत में पहुंचा है।
ताबड़तोड़ चली थी गोलियां
बुधवार(22 जनवरी) की शाम हुए मोकामा गोलीबारी में लगभग 10 से 20 राउंड गोलियां चली। बताया जा रहा है कि सोनू मोनू ने अपने मुंशी मुकेश सिंह के घर पर ताला लगा दिया था जिसके बाद मुंशी ने बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह से मदद मांगी। अनंत सिंह ने पहले अपने समर्थकों को मुंशी के घर पर ताला खुलवाने भेजे इसके बाद वो खुद भी वहां पहुंच गए। इस दौरान दोनों पक्षों में गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में अनंत सिंह के एक समर्थक को गोली भी लगी। इसके बाद से ही मोकामा में तनावपूर्ण माहौल था। वहीं शुक्रवार (24 जनवरी ) की सुबह सोनू ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था। जिसके बाद बाहुबली नेता अनंत सिंह ने भी बाढ़ कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।
दोनों गैंग में हुई गोलीबारी
मोकामा के नौरंगा गांव में गोलीबारी की घटना हुई थी। अलग-अलग पक्षों की ओर से कई तरह के दावे किए गए। साथ ही इस मामले में सोनू मोनू की ओर से अनंत सिंह के खिलाफ गोलीबारी करने का आरोप लगाया गया है। इसकी लिखित शिकायत थाने में की गई है। आरोप में कहा गया कि अनंत सिंह ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर नौरंगा गांव में घुसकर सोनू मोनू के घर पर गोलीबारी थी।
इन लोगों पर एफआईआर
एक अन्य एफआईआर मुकेश सिंह नाम के शख्स के द्वारा कराई गई थी। जिसमें सोनू मोनू पर उसके घर में ताला लगाने का आरोप लगाया था। वहीं पुलिस ने भी एक मामला दर्ज किया था जिसमें अनंत सिंह पर पुलिस कर्मियों को धक्का मुक्की करने, गाली गलौज करने सहित अन्य किस्म के आरोप लगाए गए थे। इस मामले में अनंत सिंह के साथ-साथ सोनू मोनू के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था। दोनों फिलहाल जेल में बंद हैं।