Bihar Election 2025: बिहार चुनाव से पहले लालू-तेजस्वी की बढ़ी मुश्किल, दो फाड़ में राजद, खुद को बता रहे पार्टी का असली सिपाही अब आगे...

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को एकजुट कर मजबूती देने की कोशिश तेजस्वी यादव कर रहे हैं लेकिन इसके बावजूद पार्टी के अंदर खाने से कई गड़बड़ियां सामने आ रही है जो चुनाव में पार्टी को मुश्किल में डाल सकती है...

लालू तेजस्वी
राजद में गुटबाजी - फोटो : social media

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजद में विवाद देखने को मिल रहा है। राजद के नेता एक दूसरे पर हमलावर हैं। राजद के नेता खुद को एक दूसरे से बेहतर और राजद की असली सिपाही बता रहे हैं। वहीं माना जा रहा है कि इसका असर बिहार चुनाव में पड़ सकता है। दरअसल, राष्ट्रीय जनता दल की चतरा जिला इकाई में गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के स्थापना दिवस पर जिले में दो खेमों ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर शक्ति प्रदर्शन किया।

दो जगहों पर मनाया गया स्थापना दिवस

एक ओर तीन बार से लगातार जिला अध्यक्ष रहे नवल किशोर यादव के नेतृत्व में पार्टी का स्थापना दिवस कार्यक्रम बीएसएनएल टेलीफोन टावर रोड स्थित वरिष्ठ नेता सुभाष प्रसाद यादव के आवासीय परिसर में मनाया गया। वहीं दूसरे पक्ष ने जिसमें प्रदेश सचिव योगेंद्र कुमार यादव, दिनेश दांगी समेत अन्य नेता शामिल हैं उन्होंने नगवां मोहल्ला स्थित मोतीराम पासवान मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया।

कोई गुटबाजी नहीं, सब एकजुट

जिला अध्यक्ष नवल किशोर यादव ने कहा कि यह पार्टी का स्थापना दिवस है। हर साल 5 जुलाई को इसे धूमधाम से मनाया जाता है। संगठन के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। उन्होंने दूसरे गुट के कार्यक्रम की जानकारी से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि राजद कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट हैं और कार्यक्रम में जुटी भीड़ इसका प्रमाण है।

केट काट कर मनाई खुशियां 

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता अतीक मंसुरी, अब्दुल्लाह अंसारी, प्रतीक अंगार समेत भारी संख्या में नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष ने केक काटकर समारोह की शुरुआत की। मंच संचालन अतीक मंसुरी ने किया। हालांकि, बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि प्रकाश को आना था, लेकिन पटना में राष्ट्रीय अधिवेशन के चलते वे उपस्थित नहीं हो सके।

संगठन में धांधली, हम ही असली राजद कार्यकर्ता

दूसरी ओर प्रदेश सचिव योगेंद्र कुमार यादव ने नवल किशोर यादव पर चुनाव में धांधली कर अध्यक्ष बनने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजद का सच्चा सिपाही हूं। संगठन को अपने खून-पसीने से सींचा है, लेकिन अब इसे अस्तित्व की लड़ाई लड़नी पड़ रही है। योगेंद्र यादव ने पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता पर भी संगठन को अपने हिसाब से चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचा दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष ने आश्वस्त किया है कि राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद चतरा के मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी। इसी आश्वासन के चलते फिलहाल समानांतर कमेटी बनाने की प्रक्रिया रोक दी गई है।