पटना के चर्चित गुरु रहमान को ऑफिस में घुसकर दी 'गोली मारने' की धमकी; CCTV में कैद हुआ आरोपी, पुलिस महकमे में खलबली

शिक्षक डॉ. एम. गुरु रहमान को एक अज्ञात युवक ने उनके कोचिंग संस्थान में घुसकर जान से मारने की धमकी दी है. घटना के बाद गुरु रहमान ने पीरबहोर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर

पटना के चर्चित गुरु रहमान को ऑफिस में घुसकर दी 'गोली मारने'

Patna - राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपाल मार्केट स्थित 'अदम्य अदिति गुरुकुल' के संचालक और प्रसिद्ध शिक्षक डॉ. एम. गुरु रहमान को जान से मारने की धमकी दी गई है. घटना बुधवार, 11 फरवरी 2026 की शाम लगभग 4:00 बजे की है, जब एक अज्ञात युवक उनके कार्यालय में जबरन घुस आया.

गाली-गलौज और कोचिंग बंद करने का दबाव 

गुरु रहमान द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने उनके ऑफिस में आकर न केवल उन्हें गोली मारने की धमकी दी, बल्कि कोचिंग संस्थान को बंद करने का भी दबाव बनाया. इस दौरान युवक ने लगातार अमर्यादित भाषा और अपशब्दों का प्रयोग किया. संस्थान के स्टाफ और छात्रों ने किसी तरह समझा-बुझाकर आरोपी को कार्यालय से बाहर निकाला, लेकिन वह बाहर से भी लगातार धमकियां देता रहा.

सीसीटीवी फुटेज आया सामने 

इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अज्ञात युवक की हरकतें कैद हुई हैं. पीरबहोर थाना पुलिस ने इस मामले की पुष्टि की है और फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है.

सुरक्षा की गुहार और पुलिसिया कार्रवाई 

पीड़ित शिक्षक ने पीरबहोर थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर अपनी और अपने संस्थान की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. आवेदन में आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Report - anil kumar