Bihar News : भागलपुर सहित कई जिलों में तेज आंधी से चरमरायी बिजली व्यवस्था, ऊर्जा विभाग युद्धस्तर पर बहाली में जुटा

Bihar News : बिहार के भागलपुर, पूर्णिया, बांका और कटिहार जिले में 25 एवं 26 मई की रात आए तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई है। अब उर्जा विभाग वहां बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा है.....पढ़िए आगे

Bihar News : भागलपुर सहित कई जिलों में तेज आंधी से चरमरायी ब
एक्शन मोड में बिजली विभाग - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : भागलपुर, पूर्णिया ,बांका , कटिहार जिले में 25 एवं 26 मई की रात आये भीषण चक्रवात, तेज आंधी एवं मूसलाधार बारिश से प्रभावित विद्युत व्यवस्था की बहाली के लिए ऊर्जा विभाग युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था की समीक्षा के लिए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) एवं बिहार स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) के प्रबंध निदेशक (MD) श्री राहुल कुमार (भा.प्र.से) आज सुबह मुख्य अभियंता तथा तकनीकी टीम के साथ भागलपुर पहुंचे।

भागलपुर पहुचते ही प्रबंध निदेशक ने जिलाधिकारी भागलपुर , अधीक्षण अभियंता तथा भागलपुर, नौगछिया एवं बांका डिवीजन के कार्यपालक अभियंताओं के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में चक्रवात से विद्युत संरचना को हुए नुकसान तथा विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गयी। समीक्षा के दौरान प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये कि मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य युद्धस्तर पर संचालित किये जायें। 

उन्होंने कहा कि जिन शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी ब्लैकआउट की स्थिति बनी हुई है, वहां शीघ्रातिशीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने यह भी कहा कि विद्युत बहाली कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी । प्रबन्ध निदेशक राहुल कुमार ने कहा कि विभागीय टीमें लगातार फील्ड में कार्य कर रही हैं और क्षतिग्रस्त पोल, तार तथा अन्य विद्युत उपकरणों की मरम्मत एवं पुनर्स्थापन का काम तेज गति से चलाया जा रहा है। आम उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द राहत प्रदान की जाएगी। 

इस मौके पर उन्होंने कहा कि  जिलाधिकारी कार्यालय और ऊर्जा विभाग द्वारा फोन तथा फील्ड रिपोर्ट के माध्यम से राहत एवं बहाली कार्य की प्रगति की निगरानी की जा रही है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संबंधित विभागों से समन्वय बनाये रखने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य सरकार प्रभावित लोगों के राहत एवं पुनर्वास के लिये आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रहे हैं।