बकरीद को लेकर गांधी मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर बम और डॉग स्क्वायड की तैनाती
Bihar News : बकरीद के मौके पर पटना के गांधी मैदान में हजारों की संख्या में नमाजी विशेष नमाज अदा करेंगे, इसे लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। मैदान के अंदर बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमें लगातार तलाशी ले रही है ताकि किसी प्रकार की कोई
Patna : राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ईद-उल-जोहा (बकरीद) के पावन अवसर पर हजारों की संख्या में नमाजी विशेष नमाज अदायगी के लिए जुटेंगे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गांधी मैदान में आम लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। मैदान परिसर की सुरक्षा इतनी पुख्ता की गई है कि चप्पे-चप्पे पर बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पटना में 479 स्थानों पर दंडाधिकारी मुस्तैद
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला दण्डाधिकारी (डीएम), पटना और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पटना द्वारा संयुक्त रूप से विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिले के कुल 479 संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) तथा पुलिस पदाधिकारियों की भारी प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: असामाजिक तत्वों पर रखी जा रही है पैनी नजर
पटना जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए कहा है कि त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था और शांति का संधारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और पुलिस बल को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपनें क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों पर कड़ी और पैनी निगरानी रखें। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
अफवाहों को रोकने के लिए 'सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल' हुआ पूरी तरह सक्रिय
त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक खबर, आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए विशेष 'सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल' को पूरी तरह क्रियाशील और सक्रिय कर दिया गया है। साइबर सेल की टीम फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर चौबीसों घंटे नजर रख रही है। भड़काऊ पोस्ट डालने या सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की तैयारी है।
आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की जिला प्रशासन ने की अपील
जिला प्रशासन ने राजधानी वासियों और पूरे जिले के नागरिकों से आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के वातावरण में बकरीद का त्योहार मनाने की अपील की है। सभी प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास साफ-सफाई, चूने का छिड़काव और पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी खुद संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं ताकि आम जनता बिना किसी भय के त्योहार मना सके।
अनिल की रिपोर्ट