Bihar News: सुशील मोदी को याद कर भावुक हुई जेसी मोदी, सीएम नीतीश के सामने कह दी बड़ी बात

Bihar News: जेसी मोदी ने कहा कि जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा से अलग होकर दूसरा गठबंधन बनाया। तब सुशील मोदी ने और अधिक सक्रियता से काम किया और सरकार की नीतियों को उजागर किया।

सुशील मोदी
सुशील मोदी स्मृति कार्यक्रम - फोटो : social media

Bihar News: राजधानी पटना में आज सुशील कुमार मोदी स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में भाग लेने सीएम नीतीश, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सहित कई नेता पहुंचे। इस दौरान सुशील कुमार मोदी की पत्नी जेसी मोदी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने सुशील मोदी के राजनीतिक और वैचारिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उन्हें निडर, संघर्षशील और सामाजिक समरसता का प्रतीक नेता बताया।

भावुक हुई जेसी मोदी

सुशील मोदी की पत्नी जेसी मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि वे नेताओं की तरह भाषण नहीं दे सकतीं, लेकिन सुशील मोदी के जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं को साझा करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी के हर कार्य में कार्यकर्ता सबसे ऊपर रहते थे। वे हमेशा सोचते थे कि पार्टी कैसे आगे बढ़े। वे हर व्यक्ति की बात ध्यान से सुनते और उसे नोट करते थे। उनके सहयोगी और सहायक भी उनके साथ 24 घंटे काम करते थे। 

सीएम नीतीश ने जब छोड़ा साथ तब

जेसी मोदी ने कहा कि जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा से अलग होकर दूसरा गठबंधन बनाया। तब सुशील मोदी ने और अधिक सक्रियता से काम किया और सरकार की नीतियों को उजागर किया। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे बने कि नीतीश कुमार को फिर भाजपा के साथ आना पड़ा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि, सुशील मोदी आज हमारे बीच नहीं हैं, वे बहुत जल्दी चले गए। आप सब उनसे जुड़े अच्छे कामों को याद रखें।”

सुशील मोदी कभी नहीं डरे

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सुशील मोदी एक ऐसे नेता थे जो कभी नहीं डरे। उन्होंने कहा कि वे स्कूटर से चलते थे और किसी से भयभीत नहीं होते थे। गुंडाराज के दौर में भी उन्होंने चारा घोटाले का खुलासा किया। भाजपा में सामाजिक समरसता के स्वरूप को मजबूत करने में सुशील मोदी का बड़ा योगदान रहा।

रविशंकर प्रसाद ने साझा किए संघर्ष के दिन

वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उन्होंने सुशील मोदी के साथ पहली बार लाठी खाई और जेल भी गए। उन्होंने बताया कि चारा घोटाले के खिलाफ सुशील मोदी ने मजबूती से लड़ाई लड़ी। उसी संघर्ष का परिणाम था कि लालू प्रसाद यादव को सजा हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब सामाजिक समरसता पर विचार करना चाहते थे, तो उन्होंने सुशील मोदी से सलाह ली थी। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सुशील मोदी ऐसे नेता थे जिन्होंने बिहार की राजनीति का इतिहास बदल दिया।

पटना से वंदना की रिपोर्ट