Bihar Politics: JDU विधायक दल की बड़ी बैठक आज, नीतीश कुमार लेंगे बड़ा फैसला, ये बन सकते हैं नेता
Bihar Politics: नीतीश कुमार ने आज विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस मीटिंग में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। साथ ही विधायक दल के नेता का भी चयन होना है।
Bihar Politics: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद जदयू की पहली बैठक होने वाली है। सोमवार यानी आज जदयू के विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक नीतीश कुमार के आवास में होगी। इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। यह बैठक पहले 14 अप्रैल को होनी थी जो रद्द हो गई थी। वहीं अब सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद जदयू की पहली बैठक है।
जदयू की बड़ी बैठक आज
सूत्रों मिली जानकारी अनुसार, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। वर्तमान सरकार में उन्हें जदयू की ओर से नंबर-2 की भूमिका मिली हुई है, जिससे उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। हालांकि, वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव भी विकल्प के तौर पर मौजूद हैं, लेकिन फिलहाल उनकी संभावना कम बताई जा रही है। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे और राज्यसभा जाने के बाद विधायक दल के नेता का पद खाली हो गया था। ऐसे में आज की बैठक को जदयू के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निशांत कुमार की बढ़ती सक्रियता
रविवार को नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने पूर्णिया और भागलपुर प्रमंडल के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी के भीतर निशांत की सक्रियता को बड़े राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी निशांत की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनका संगठनात्मक कामकाज में सक्रिय होना पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत है।
बिहार में बदला सियासी समीकरण
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने हाल ही में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव किया। करीब दो दशक तक सत्ता संभालने के बाद उन्होंने राज्यसभा की राजनीति में जाने का फैसला लिया। 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद 10 अप्रैल को उन्होंने सांसद पद की शपथ ली और 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और नई एनडीए सरकार का गठन हुआ। नई सरकार में जदयू कोटे से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।
सरकार से दूर रहेंगे निशांत
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद निशांत कुमार के उपमुख्यमंत्री बनने की अटकलें तेज थीं, लेकिन उन्होंने इन खबरों पर विराम लगा दिया। निशांत ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका फोकस संगठन को मजबूत करने पर है। उन्होंने हाल ही में कहा था कि वे राज्य के सभी 38 जिलों का दौरा करेंगे और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगे। इससे साफ है कि वे फिलहाल सक्रिय राजनीति में संगठनात्मक भूमिका निभाने पर ही जोर दे रहे हैं।