बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर मंत्री विजय सिन्हा का बड़ा बयान, जनादेश को सिरोधार्य करती है BJP
बांकीपुर उपचुनाव मे बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। तीस साल तक जिस सीट पर भाजपा का कब्जा रहा उसपर अब पीके ने अपना कब्जा जमा लिया है। इधर परिणाम की औपचारिक घोषणा होने से पहले ही बीजेपी ने अपनी हार स्वीकार कर ली है.....
Patna : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों और रुझानों के बीच बिहार के मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा ने मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि बिहार लोकतंत्र की भूमि है और भारतीय जनता पार्टी हमेशा जनता के जनादेश को सिरोधार्य करती आई है और आगे भी स्वीकार करती रहेगी।
ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा
विपक्ष पर निशाना साधते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि भाजपा कभी भी चुनाव हारने पर विपक्ष की तरह चुनाव आयोग या ईवीएम पर ठीकरा नहीं फोड़ती। उन्होंने बल देकर कहा कि हम लोकतंत्र और देश की सभी संवैधानिक संस्थाओं में पूर्ण विश्वास रखते हैं, इसलिए जनता का जो भी निर्णय आता है, उसे हम सहर्ष स्वीकार करते हैं।
पार्टी स्तर पर होगी परिणामों की गहन समीक्षा
उपचुनाव में पार्टी के प्रदर्शन और आगे की रणनीति पर बोलते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि चुनाव परिणामों की पार्टी स्तर पर गहन समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कहां चूक हुई और किन कारणों से ऐसे नतीजे आए, इन सभी बिंदुओं पर बैठकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
पिछले जनादेश और 202 सीटों की जीत का स्मरण
समीक्षा की बात करते हुए उन्होंने जनता के समर्थन का उल्लेख भी किया। उन्होंने कहा कि बिहार की इसी पवित्र धरती पर जनता ने हमें अपार समर्थन दिया है और अभी 6 महीने भी नहीं बीते हैं जब हमने 202 सीटों पर जीत हासिल की थी। इसलिए जनता का विश्वास हमारे साथ है और पार्टी आगे और मजबूती से काम करेगी।
भावी रणनीति और सुधारात्मक कदम
अंत में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर चुनाव एक सीख लेकर आता है। बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों से सबक लेते हुए भाजपा अपनी कमियों को दूर करेगी और जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों पर काम करना जारी रखेगी।
वंदना की रिपोर्ट