Patna Traffic Change: पटना में आज बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था! इन रास्तों पर लगा 'नो एंट्री' का बोर्ड, घर से निकलने से पहले देख लें यह लिस्ट

Patna Traffic Change: राजधानी पटना में आज ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। ऐसे में घर से निकलने से पहले ट्रैफिक रुट देख लें।

पटना ट्रैफिक
पटना में बदली ट्रैफिक व्यवस्था!- फोटो : AI Image

Patna Traffic Change:  बिहार की राजधानी पटना में आज सड़कों पर निकलना आपके लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। अगर आप आज ऑफिस, स्कूल या किसी जरूरी काम से घर से बाहर निकल रहे हैं, तो प्रशासन द्वारा जारी किए गए नए रूट मैप को देखना न भूलें, वरना आपको भारी जाम और लंबी दूरी के चक्करों का सामना करना पड़ सकता है।

आज बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था 

दरअसल, आज यानी 20 अप्रैल को नारी शक्ति वंदन संशोधन बिल के विरोध में महिला आक्रोश मार्च प्रस्तावित है। जिसके कारण पटना में व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की गई है। महिला आक्रोश मार्च बापू सभागार से निकाला जाएगा, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है।

गांधी मैदान के चारों ओर सख्ती

जारी निर्देशों के अनुसार गांधी मैदान के चारों तरफ व्यावसायिक वाहनों, खासकर ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था सुबह 6 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगी। वहीं दानापुर से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को राजापुर पुल के रास्ते पुलिस लाइन तिराहा से वापस दानापुर की ओर मोड़ दिया जाएगा। वहीं अशोक राजपथ से गांधी मैदान की ओर आने वाले वाहन कृष्णा घाट के पास से डायवर्ट किए जाएंगे।

इन रास्तों पर जाने से लगी रोक 

एक्जीविशन रोड पर भट्टाचार्य चौराहा से उत्तर की ओर गांधी मैदान जाने पर रोक रहेगी। एसपी वर्मा रोड से आने वाले ऑटो स्वामीनंदन तिराहा तक ही आ सकेंगे और वहां से बाटा मोड़ होकर वापस लौटेंगे। बुद्धमार्ग, छज्जूबाग और टीएन बनर्जी पथ समेत कई मार्गों पर भी ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा पुलिस लाइन गेट नंबर-1 से बैंक रोड तक भी इन वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

प्रशासन से खास अपील

मछुआ टोली से बारीपथ होते हुए ठाकुरबाड़ी मोड़ तक ही ऑटो चल सकेंगे और वहीं से वापस लौटेंगे। किसी भी स्थिति में गांधी मैदान बाकरगंज की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। पटना यातायात पुलिस ने आम लोगों  से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और ट्रैफिक नियमों का पालन करें तथा वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। बता दें कि कार्यक्रम के खत्म होने तक यह बदलाव लागू रहेगा।