Bihar Pension News: बिहार के 37.94 लाख पेंशनधारियों की पेंशन रुकी! इस कारण सरकार ने लिया फैसला, जानिए अब आगे क्या करें?

Bihar Pension News: बिहार के 37.94 लाख पेंशनधारियों की पेंशन रुक गई है। इन सभी पेंशनधारियों ने तय समय पर अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं किया जिसके कारण इनकी पेंशन रुक गई है।

पेंशनधारी
37.94 लाख पेंशनधारियों की पेंशन रुकी! - फोटो : social media

Bihar Pension News: बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत समय पर लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं करने वाले लाखों लाभुकों पर सीधा असर पड़ा है। 31 मार्च 2026 की अंतिम तिथि गुजरने के बाद ऐसे पेंशनधारियों की पेंशन अब बंद कर दी जाएगी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार राज्य के कुल 1 करोड़ 24 लाख 63 हजार 101 पेंशनधारियों में से 30.45 प्रतिशत यानी 37 लाख 94 हजार 612 लोगों ने निर्धारित समय सीमा तक अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा नहीं किया।

लाखों पेंशनधारियों की रुकी पेंशन 

इसके चलते इन सभी लाभुकों का भुगतान रोकने का निर्णय लिया गया है। वहीं, अब तक 86 लाख 67 हजार 37 पेंशनधारियों ने अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर दिया है। सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी थी कि 31 मार्च 2026 के बाद प्रमाणपत्र जमा नहीं करने वालों को पेंशन का लाभ नहीं मिलेगा।

कई जिलों में 30% से ज्यादा पेंडिंग

रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के कई जिलों में 30 प्रतिशत से अधिक लाभुकों ने जीवन प्रमाणपत्र जमा नहीं किया है, जिससे बड़ी संख्या में लोग प्रभावित होंगे। इसका असर खासकर वृद्ध, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारियों पर पड़ेगा, जिनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

मुजफ्फरपुर में भी चिंताजनक हालात

मुजफ्फरपुर जिले में स्थिति खास तौर पर गंभीर बताई जा रही है। जहां करीब 32 प्रतिशत पेंशनधारी अब तक जीवन प्रमाणपत्र जमा नहीं कर सके हैं। सरकार ने एक बार फिर अपील की है कि जिन लाभुकों का प्रमाणपत्र लंबित है, वे जल्द से जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें, ताकि भविष्य में पेंशन बहाल की जा सके।