'सम्राट चौधरी के काम के खिलाफ जनादेश', बांकीपुर में निर्णायक बढ़त के बाद मोदी सरकार पर बरसे प्रशांत किशोर, बड़ा ऐलान
प्रशांत किशोर ने कहा, "यह सम्राट चौधरी के काम के खिलाफ वोट है। सिर्फ चार-पांच किलो अनाज बांट देने से लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। बिहार के लोगों को रोजगार, अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास चाहिए।
Bankipur Bypoll Results : पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतगणना के बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने निर्णायक बढ़त मिलने के बाद राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के मतदाताओं ने केवल एक उम्मीदवार के पक्ष में मतदान नहीं किया है, बल्कि यह बिहार की भाजपा सरकार के कामकाज के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश है।
प्रशांत किशोर ने कहा, "यह सम्राट चौधरी के काम के खिलाफ वोट है। सिर्फ चार-पांच किलो अनाज बांट देने से लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। बिहार के लोगों को रोजगार, अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास चाहिए।" उन्होंने कानून-व्यवस्था के मुद्दे को भी उठाते हुए कहा, "अगर अपराधी को मुख्यमंत्री बनाएंगे तो राज्य का भला नहीं होगा। बिहार को ऐसी सरकार चाहिए जो ईमानदारी से विकास और सुशासन पर काम करे।"
सारी सुविधाएं सिर्फ गुजरात के लोगों को
केंद्र सरकार की नीतियों पर भी निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि विकास का लाभ पूरे देश को समान रूप से मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, "सारी सुविधाएं सिर्फ गुजरात के लोगों को नहीं मिलनी चाहिए। बिहार सहित देश के अन्य राज्यों को भी समान अवसर और संसाधन मिलने चाहिए।"
बदलाव के पक्ष में मतदान
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि जनता बदलाव के पक्ष में मतदान कर रही है और बांकीपुर का परिणाम बिहार की राजनीति में नए संदेश के रूप में देखा जाएगा। उन्होंने अपने समर्थकों से अंतिम परिणाम आने तक संयम बनाए रखने और मतगणना प्रक्रिया पर नजर रखने की अपील भी की।
25वें राउंड में 14,953 की बढ़त
इस बीच बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना अब निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। 25वें राउंड की गिनती पूरी होने तक जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा पर 14,953 मतों की बढ़त बना ली है। ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रशांत किशोर को 50,976 वोट, जबकि नीरज सिन्हा को 36,023 वोट मिले हैं। राष्ट्रीय जनता दल की उम्मीदवार रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर चल रही हैं। इस सीट पर कुल 31 राउंड में मतगणना होनी है और अब शेष राउंड के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।