Vande Bharat Express: पटना से दिल्ली के बीच की दूरी होगी कम, होली से पहले दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, जानें ट्रेन का रुट औऱ टाइमिंग

Vande Bharat Express: रेलवे ने बिहार के लोगों को बड़ा तोहफा दिया है। होली से पहले पटना और दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन एक्सप्रेस चलाई जाएगी। इसके रुट और टाइमिंग भी तय कर ली गई है।

Vande Bharat Express
New Delhi to Patna Vande Bharat Express- फोटो : social media

Vande Bharat Express: भारतीय रेलवे ने बिहारवासियों को बड़ी सौगात दी है। जल्द ही नई दिल्ली से पटना के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शुरू हो सकता है। इसके लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं, जिससे बिहार के यात्रियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। वंदे भारत ट्रेन की आधुनिक सुविधाओं और तेज़ रफ्तार के कारण लोगों में खासा आकर्षण है। यह अब तक की सबसे लंबी दूरी तय करने वाली वंदे भारत ट्रेन होगी।

समय की बचत और आरामदायक सफर

इस ट्रेन से यात्रियों को न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि आरामदायक सुविधाएं भी मिलेंगी। संभावना है कि इसे होली स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाया जाए, क्योंकि होली के दौरान दिल्ली से बिहार आने वाले यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होता है। नई दिल्ली-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस देश की सबसे लंबी दूरी तय करने वाली वंदे भारत ट्रेन बन सकती है। यह ट्रेन 1000 किलोमीटर का सफर 12 घंटे से भी कम समय में पूरा करेगी। इस अत्याधुनिक ट्रेन का निर्माण चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में किया गया है और इसका संचालन पूर्व मध्य रेलवे द्वारा किया जाएगा।

संभावित रूट और टाइम-टेबल

रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस ट्रेन का मार्ग लगभग तय कर लिया गया है। दिल्ली पटना वंदे भारत ट्रेन दिल्ली से सुबह 8:30 बजे रवाना होगी और रात 8:00 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में यह रात 7:00 बजे पटना से चलेगी और सुबह 7:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव आरा, बक्सर, डीडीयू, प्रयागराज और कानपुर में हो सकता है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की कि नई दिल्ली-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस को शुरुआत में होली स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाने की योजना है। हालांकि, रेलवे बोर्ड द्वारा इसे स्थायी रूप से चलाने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

स्वचालित दरवाजे और वाई-फाई सुविधा

वंदे भारत ट्रेन न सिर्फ तेज रफ्तार से दौड़ेगी, बल्कि आरामदायक सुविधाओं से भी लैस होगी। ट्रेन के दरवाजे स्वचालित होंगे। वाई-फाई और आधुनिक इंफोटेनमेंट सिस्टम की सुविधा मिलेगी। कोच में बेहतर सीटिंग अरेंजमेंट और हाई-स्पीड यात्रा का अनुभव मिलेगा। नई दिल्ली और पटना के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को यह ट्रेन एक बेहतर, तेज और कुशल विकल्प प्रदान करेगी। दिल्ली पटना वंदे भारत एक्सप्रेस से बिहार और उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को लाभ मिलेगा।