बिहार में फिर गूंजीं गोलियां, दो की हालत गंभीर, इलाके में हड़कंप
Bihar Crime:बिहार में फिर फायरिंग हुई है, अपराधियों ने दो लोगों को निशाना बनाया है.....

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस के तमाम दावों के बावजूद फायरिंग, मर्डर, छीनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वहीं भोजपुर जिले के कारनामेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनबरसा गांव में बुधवार की दोपहर विवाद सुलझाने गए बुजुर्ग पर गोली चलने से हड़कंप मच गया। घटना में लाल यादव (65) बुरी तरह जख्मी हो गए, जबकि उनके भाई लक्ष्मण यादव भी घायल हुए।
जानकारी के अनुसार, गांव में दो पक्षों के बीच किसी मामले को लेकर विवाद चल रहा था। लाल और लक्ष्मण यादव दोनों भाई, विवाद को शांत करने के लिए पहुंचे थे। तभी गांव के ही तेजनारायण यादव के बेटे अखिलेश यादव ने गोली चला दी। गोली लाल यादव के छाती के पास लगी और आर-पार निकल गई, जिससे उनकी स्थिति गंभीर हो गई। लक्ष्मण यादव भी इस हमले में जख्मी हुए।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों भाइयों को आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने लाल यादव को प्राथमिक इलाज दिया और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
कारनामेपुर थाना पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कहा कि विवाद में शामिल लोगों की पहचान की जा चुकी है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गोली चलने के बाद गांव में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत सहायता करते हुए दोनों जख्मियों को अस्पताल पहुँचाया।
रिपोर्ट- आशीष कुमार