धार्मिक झंडा उखाड़ने से मचा बवाल, भुट्टा चौक पर तनाव, पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा

Bihar Crime: असामाजिक तत्वों के झंडा हटाने के बाद स्थिति विस्फोटक हो गई और दो समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। ....

Uprooting of religious flag
धार्मिक झंडा उखाड़ने से मचा बवाल- फोटो : reporter

Bihar Crime: असामाजिक तत्वों के झंडा हटाने के बाद स्थिति विस्फोटक हो गई और दो समुदाय के लोग आमने सामने आ गए।  मुजफ्फरपुर से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। सकरा थाना क्षेत्र के विशुनपुर बघनगरी पंचायत के भुट्टा चौक पर असामाजिक तत्वों ने एक धार्मिक झंडा उखाड़ दिया। इसके बाद इलाके में अचानक तनाव की स्थिति बन गई और दो समुदाय आमने-सामने आने की आशंका गहराने लगी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हालात को काबू में लिया। प्रशासन की देखरेख में पुनः उसी स्थान पर धार्मिक झंडा लगा दिया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चौक के पास बने एक विशाल द्वार के किनारे लंबे समय से धार्मिक झंडा लगा हुआ था। रविवार देर रात असामाजिक तत्वों ने उसे उखाड़ फेंका। सुबह जब लोगों ने यह देखा तो गुस्से का माहौल बन गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग चौक पर जमा हो गए। हालात बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

फिलहाल मुजफ्फरपुर पूर्वी SDPO-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक चल रही है। उन्होंने बताया कि असामाजिक तत्वों ने झंडा हटाया था। अब झंडा को पुनः लगा दिया गया है। स्थिति पूरी तरह सामान्य है। दोषियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गांव में तनाव फैलाने की साजिश से लोग आक्रोशित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि असामाजिक ताकतें इलाके का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि, पुलिस की तत्परता से बड़ा विवाद टल गया और लोग राहत की सांस ले रहे हैं।

प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा