Bihar Vidhansabha Election 2025: बिहार में कांग्रेस का 'महिला मंत्र', प्रियंका गांधी संभालेंगी मोर्चा, राहुल का दलित वोटों पर फोकस
Bihar Vidhansabha Election 2025: सत्ता वापसी के लिए संघर्ष कर रही कांग्रेस ने इस बार अपनी चुनावी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। ...

Bihar Vidhansabha Election 2025: बिहार में आसन्न विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सत्ता वापसी के लिए संघर्ष कर रही कांग्रेस ने इस बार अपनी चुनावी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, खासकर राहुल गांधी, पहले से ही बिहार में खासे सक्रिय हैं, और अब प्रियंका गांधी को भी महिला सशक्तीकरण के मुद्दे पर मैदान में उतारने की तैयारी चल रही है।
राहुल का बिहार प्रेम: चार बार दौरा, अब पांचवी की तैयारी
राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव को अपनी प्रतिष्ठा का विषय बना लिया है। पिछले पांच महीनों में वे चार बार बिहार का दौरा कर चुके हैं और जून महीने में पांचवीं बार आने की तैयारी में हैं। जहां राहुल गांधी मुख्य रूप से दलित वोट बैंक को साधने में जुटे हैं, वहीं अब प्रियंका गांधी को महिला वोटरों को लुभाने की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
प्रियंका की बिहार में एंट्री: महिला सशक्तीकरण पर बड़ा दांव
कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय होने के बावजूद प्रियंका गांधी ने अब तक बिहार की सियासत से दूरी बनाए रखी थी। लेकिन 2025 विधानसभा चुनाव से पहले, कांग्रेस उन्हें बिहार की राजनीति में सक्रिय करने की तैयारी में है। महिला मोर्चा ने प्रियंका गांधी को बिहार आने के लिए औपचारिक रूप से न्योता भी भेजा है। कांग्रेस पार्टी महिलाओं को लेकर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है, जिसमें प्रियंका गांधी को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
महागठबंधन की नजर महिला वोटरों पर: 3.64 करोड़ से अधिक महिला मतदाता
बिहार में कुल 3 करोड़ 64 लाख से अधिक महिला मतदाता हैं, जो किसी भी चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और महागठबंधन दोनों की ही नजर इन महिला मतदाताओं पर है। महागठबंधन ने भी महिला मतदाताओं को साधने के लिए अपनी रणनीति तैयार की है, और कांग्रेस इसी कड़ी में प्रियंका गांधी को मैदान में उतारने का फैसला कर चुकी है।
यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस की यह नई रणनीति बिहार में कितना रंग लाती है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की संयुक्त सक्रियता क्या कांग्रेस के लिए बिहार में सत्ता वापसी का मार्ग प्रशस्त कर पाएगी, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
रिपोर्ट- नरोत्तम सिंह