मुहूर्त पर भारी सियासत ! खरमास में 'अनीता' बनी बाहुबली की दुल्हनिया, ललन सिंह को दे सकती हैं टक्कर ! कभी पितृपक्ष में 'डॉन' से शादी रचाकर सांसद बनी थी कविता सिंह

मुहूर्त पर भारी सियासत ! खरमास में 'अनीता' बनी बाहुबली की दु

N4N DESK : लोकतंत्र में चुनाव महापर्व की तरह होते हैं। जिसमें सभी जाति और धर्म के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। एक बार फिर देश में आम चुनाव की रणभेरी बज गयी है। जिसके बाद देश में उत्तर से लेकर दक्षिण और पूरब से लेकर पश्चिम तक चुनाव के रंग में रंग गया है। चुनाव में सियासत की बात करें तो इसमें टिकट के जुगाड़ से लेकर आम मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की आपाधापी मची होती है। वहीँ इस सियासत में खासकर ‘मुहूर्त’ का भी विशेष महत्व होता है। योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण से लेकर नामांकन तक में इसका विशेष ध्यान रखा जाता है। खासकर हिंदी पट्टी के राज्यों में कोई मुख्यमंत्री भी ‘खरमास’ के मौके पर किसी योजना का शिलान्यास और उद्घाटन करने से बचते हैं। यहाँ तक अयोध्या में बननेवाले श्रीराम मंदिर का शिलान्यास भी प्रधानमन्त्री मोदी ने भादो में किया, जो किसी शुभ काम के लिए उचित नहीं माना जाता है। लेकिन इसमें ईंट रखने के लिए 45 सेकेण्ड के मुहूर्त का इन्तजार किया गया।

हालाँकि बात चुनाव की करें तो इसमें किसी तरह चुनाव जितना सर्वोपरि होता है। उसमें मुहूर्तों को दरकिनार करना नेताओं की मज़बूरी हो जाती है। इसका सबसे बेहतरीन उदाहरण सिवान से जदयू सांसद कविता सिंह की शादी मानी जाती है। कविता सिंह फिलहाल बिहार के सीवान से जेडीयू की सांसद और बाहुबली अजय सिंह की पत्नी है। कविता सिंह सिवान के दरौंधा सीट से 2019 तक विधायक थी। इस सीट पर पहले कविता सिंह की सास जगमातो देवी चुनाव लड़ती थी। 2011 में उनके निधन के बाद दरौंधा में उपचुनाव था। जगमातो देवी के बाहुबली बेटे अजय सिंह ने इस सीट पर दावेदारी पेश की। लेकिन नीतीश कुमार ने ठुकरा दिया था। अजय सिंह की उस वक्त तक शादी नहीं हुई थी। 

दरअसल बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने अजय सिंह के सामने उस वक्त शर्त रखी थी। किसी से शादी कर लो, हम उसे टिकट देंगे। अजय सिंह के सामने संकट यह था कि उस समय पितृपक्ष चल रहा था और पितृपक्ष में कोई शुभ कार्य नहीं होता है। नीतीश कुमार की सलाह पर अजय सिंह ने शादी के लिए तैयारी शुरू की। उन्होंने कविता सिंह से पितृपक्ष में शादी करने का फैसला किया। टिकट के लिए बिना मुहूर्त के ही अजय सिंह ने कविता सिंह से शादी कर ली। इसके बाद कविता सिंह ने विधायक से लेकर सांसद बनने तक का सफ़र तय किया। 

Nsmch
NIHER

बिहार में एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया है। जहाँ 90 के दशक में सुर्खियां बटोरने वाले बिहार के बाहुबली अशोक महतो ने 55 साल की उम्र में अचानक शादी रचा ली है । खरमास में जब शादी के लिए शुभ मुहूर्त नहीं होता है तब अशोक महतो ने 46 साल की अनीता से शादी रचाई है। चर्चा है कि अशोक महतो मुंगेर लोकसभा सीट पर किस्मत आजमाना चाहता है और उसकी तैयारी अपनी पत्नी को लोकसभा उम्मीदवार बनाने की है। संभावना जताई जा रही है की जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के सामने राजद उनकी पत्नी को उम्मीदवार बना सकती है। यही वजह है कि अशोक महतो ने चुनाव की घोषणा के साथ खरमास के महीने में शादी की है। अशोक महतो के ऊपर कई नरसंहार में शामिल होने के आरोप रहे हैं। अशोक महतो 17 साल तक जेल में रहकर बाहर आया है। बीते 10 दिसंबर 2023 को अशोक महतो जेल से बाहर आया और उसके साथ ही वह चुनावी तैयारी में लग गया है।