Patna : कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच गोपालगंज में हुए ट्रिपल हत्याकांड ने बिहार की सियासत में उबाल ला दिया है। इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार सरकार पर हमला कर रहे हैं।इसी कड़ी में राजद की ओर से आज गोपालगंज मार्च का एलान किया गया था। हालांकि प्रशासन द्वारा राजद को ऐसा करने से रोक दिया गया है। इधर राजद के गोपालगंज मार्च को लेकर जदयू की ओर से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी करारा हमला किया गया है।
जेडीयू प्रवक्ता निखिल मंडल ने तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा है कि आपदा की इस घड़ी में नेता प्रतिपक्ष ओछी राजनीति पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा है कि आज पूरा विश्व कोरोना से त्रस्त है।कोरोना से लोगों को बचाने के लिए देश में लॉकडाउन है। तेजस्वी यादव को क्या पता नहीं है कि लॉकडाउन का मतलब क्या होता है?
निखिल मंडल ने कहा है कि तेजस्वी को कम से कम अपने कार्यकर्ताओं और मीडियाकर्मियों की चिंता करनी चाहिए। गोपालगंज मर्डर कांड को लेकर सिर्फ उन्हें की दुख नहीं है। हमें भी उस घटना पर उतना ही दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को ऐसी ओच्छी राजनीति से बाज आनी चाहिए। वर्ना जनता सबकुछ देख रही है और इसका जवाब आगामी विस चुनाव में उन्हें देगी।