बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

तेज रफ्तार का कहर : पटना में सड़क हादसे में दो सगे भाई समेत तीन की मौत, एक गंभीर घायल

तेज रफ्तार का कहर : पटना में सड़क हादसे में दो सगे भाई समेत तीन की मौत, एक गंभीर घायल

पटना. राजधानी में दो अलग-अलग सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक गंभीर घायल है। बिहटा-औरंगाबाद मुख पथ के बिहटा थाना क्षेत्र के रेलवे ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया। इसमें एक की मौत हो गयी, जबकि एक गंभीर घायल हो गया है। वहीं नौबतपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 139 स्थित दरियापुर बैंक ऑफ़ इंडिया के समीप देर शाम तेज रफ्तार डंपर ने पैदल जा रहे दो सगे भाइयों को कुचल दिया। इसमें दोनों की मौत मौके पर ही हो गयी।

शुक्रवार की रात बिहटा-औरंगाबाद मुख पथ के बिहटा थानाक्षेत्र के रेलवे ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया। जहां इस घटना में एक बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा जख्मी हो गया। घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज चल रहा है। मृतक व्यक्ति की पहचान थानाक्षेत्र के रामतरी  गांव निवासी जोता सिंह का 45 वर्षीय पुत्र मटुक उर्फ ब्रजेश सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति की पहचान चचेरा भाई रंजेश सिंह के रूप में हुई है।

वहीं नौबतपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 139 स्थित दरियापुर बैंक ऑफ़ इंडिया के समीप शुक्रवार की देर शाम तेज रफ्तार डंपर ने पैदल जा रहे दो सगे भाइयों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौत मौके पर ही हो गयी। मृतकों में बड़ा भाई जवाहिर यादव (55 वर्ष) और छोटा भाई विजय यादव (50 वर्ष) है। बलिया बन गांव निवासी स्व चनारीक यादव का पुत्र था। दोनों की मौत के बाद परिवार का सहारा टूट गया। हर कोई इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा था। दो भाइयों की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल रहा।

ग्रामीणों ने घरों में चूल्हे भी नहीं जलाए। बताया जाता है कि दोनों भाई जवाहिर यादव और विजय यादव दरियापुर से पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान दरियापुर गांव स्थित बैंक ऑफ़ इंडिया के पास बिक्रम की तरफ से आ रही तेज रफ्तार डंपर ने दोनों को कुचल दिया, जिसमें दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद भाग रहे डंपर डंपर पकड़ लिया, लेकिन चालक फरार हो गया। घटना से उग्र ग्रामीणों व परिजनों ने मुआवजा की मांग को लेकर घटनास्थल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग मुख्य मार्ग पर शव को रखकर सड़क को जाम कर आवागमन पूर्णत: ठप कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने करीब दो घंटे बाद परिजनों को उचित मुआवजा और अन्य सहायता करने की आश्वासन देकर सड़क को ग्रामीणों से मुक्त कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Suggested News