बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

नवादा में वज्रपात से किसान की मौत पर मचा कोहराम, चरवाहा भी झुलसे

नवादा में वज्रपात से किसान की मौत पर मचा कोहराम, चरवाहा भी झुलसे

नवादा. रजौली प्रखण्ड के सिरोडवार पंचायत के चौथा एवं भौर में बृहस्पतिवार की शाम को बारिश के दौरान वज्रपात होने से एक किसान की मौत हो गयी, जबकि एक चरवाहा गम्भीर रूप से घायल हो गया। सिरोडवार पंचायत के चौथा गांव में लगभग चार बजे शाम को किसान राजो यादव द्वारा खेती का कार्य किया जा रहा था।

बारिश होने से किसान मवेशियों को लेकर खेत से घर की ओर जाने लगे। इसी बीच बादल के गरजने से बैल भाग खड़े हुए। उसे पकड़ने के लिए किसान पीछे-पीछे भागने लगा। इसी बीच किसान वज्रपात की चपेट में आ गया। इस दौरान उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। ग्रामीणों द्वारा किसान को खेत में गिरा देख पूरे गांव के लोग खेत में एकत्रित हो गए।


मृतक किसान के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक को देखकर पूरे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी दूरभाष के माध्यम से अंचलाधिकारी अनिल प्रसाद व थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर दरबारी चौधरी को दी गयी। सूचना पाकर थाने में पदस्थापित पीएसआई धीरज कुमार सिंह व एएसआई रजनीश कुमार के साथ पुलिस बल एवं अंचल कार्यालय से कर्मचारी को सत्यापन के लिए भेजा गया।

मृतक के छोटे भाई बासुदेव प्रसाद यादव ने बताया कि वह कृषि कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। किसान की मृत्यु से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। वज्रपात से किसान का छाता व कपड़ा जल कर टुकड़ों में बंट गया। वहीं भौर गांव में एक भैंस चरवाहा भी वज्रपात की चपेट में आने से गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल चरवाहे को परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल इलाज के लिए लाया गया।

अस्पताल के ड्यूटी में रहे चिकिसक डॉ. धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि वज्रपात से घायल व्यक्ति की पहचान भौर गांव निवासी सोहर यादव के 35 वर्षीय पुत्र अरविंद प्रसाद के रूप में हुई है। घायल युवक का इलाज किया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक किसान के शव को पुलिस कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दी है। वहीं अंचलाधिकारी अनिल प्रसाद ने बताया कि वज्रपात से किसान की मौत की रिपोर्ट बनाकर जिला कार्यालय भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक किसान के परिजन को आपदा प्रबंधन के तहत 4 लाख रुपये की एकमुश्त मुआवजा राशि दी जाएगी।

Suggested News