भागलपुर. सुलतानगंज के शाहाबाद निवासी प्रॉपर्टी डीलर अमित कुमार झा अपहरण और हत्या मामले में फरार चल रहे बाथ थाना क्षेत्र के मनिहारी गांव निवासी आरोपी दिलिप मंडल के घर पर पुलिस ने कुर्की जब्त कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने उसके घर को तोड़ दिया। पुलिस ने खिड़की, पंखा, टेबल, फ्रीज, टीवी समेत अन्य सामानों को जब्त कर लिया है।
यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर लॉयन ऑर्डर डीएसपी डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में सुलतानगंज शाहकुंड थाना, बाथ थाना अकबरनगर पुलिस की मौजूदगी में की गयी। बताते चलें कि 22 नवंबर को सुलतानगंज के शाहाबाद निवासी प्रॉपर्टी डीलर अमित झा रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम ने 26 नवंबर को इसकी हत्या की पुष्टि कर दी थी।
इस मामले में पांच नामजद आरोपी में से तीन आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। वहीं दिलीप मंडल और उसके भाई की पुलिस तलाश में जुटी हुई थी। इसके बाद कोर्ट के निर्देश पर कुर्की जब्ती की कार्रवाई पुलिस के द्वारा की गई है।