Madhubani : जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे जानकर आपका रिश्तों से विश्वास उठ जायेगा। जमीन के एक छोटे से टुकड़े के लिए एक बेटा हैवान बन गया और अपनी मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र की नूरचक पंचायत के लक्ष्मीपुर गांव में एक 50 वर्षीय महिला की उसके बेटे ने लाठी और ईट से पीटकर हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका सीता देवी अपनी जमीन पर झोपड़ी बनाना चाह रही थी। इसका बेटे व बहू ने विरोध किया था। इसको लेकर पंचायत भी हुई थी। बताया जा रहा है कि बेटे राजेश मंडल को पंचायत से फटकार भी लगायी गयी थी।
वही रविवार 14 जून को दोपहर में जब सीता देवी चापाकल पर स्नान कर रही थी, तभी उसका बेटा लाठी और ईंट से उसे पीटने लगा। पिटाई से सीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। इधर शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े। लोगों ने बेटे और बहू को पकड़ लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे राजेश मंडल और उसकी पत्नी उषा देवी को गिरफ्तार कर थाने पर ले आयी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका की पुत्री सूरज देवी के आवेदन पर भाई राजेश मंडल और भाभी उषा देवी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दोनो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।