पटना. दुल्हिन बाजार में चुनावी रंजिश को लेकर हुए हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को धर दबोचा है। हत्या का कारण चुनावी रंजिश बताया जा रहा है। दुल्हिन बाजार में चुनाव के दौरान इस साल जनवरी में अपराधियों ने उम्मीदवार को गोलियों से भून दिया था।
मामले का खुलासा करते हुए पालीगंज पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी अवधेश दीक्षित ने बताया कि 9 जनवरी 2022 को पालीगंज अनुमंडल में वार्ड सचिव का चुनाव होना था। इस मामले में पहलाद सिंह के बेटे समर सिंह सहित 8 उम्मीदवार मैदान में थे। 14 जनवरी को इसी चुनावी रंजिश को लेकर समर प्रताप सिंह के पिता पहलाद सिंह को अपराधियों ने गोलियों से भून डाला था। इस मामले में पहलाद सिंह की पत्नी लीला देवी ने दुल्हन बाजार थाने में मामला दर्ज कर पुलिस से न्याय की गुहार लगायी।
इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि पहलाद हत्याकांड का आरोपी सुभाष कुमार अपने गांव पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एक टीम गठन कर सुभाष कुमार को धर दबोचा है। पुलिस का मानना है कि इस हत्याकांड में 10 लोगों को नामजद किया गया था और कई लोग पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल जा चुके हैं, जबकि मुख्य आरोपी सुभाष कुमार को पुलिस रविवार को धर दबोचा है।