बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

दो पूर्व सीएम की तस्वीर पार्टी के पोस्टर से क्यों गायब है, विरासत को छिपाने की जरुरत क्यों पड़ गई- भाजपा

दो पूर्व सीएम की तस्वीर पार्टी के पोस्टर से क्यों गायब है, विरासत को छिपाने की जरुरत क्यों पड़ गई- भाजपा

PATNA: प्रदेश भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने एनडीए में सब कुछ ठीक होने का दावा किया। लोजपा की ओर से की जा रही बयानबाजी पर कहा कि बातचीत से सब ठीक हो जाएगा। हम मिलकर लड़ेंगे। एनडीए के आला नेता जब बैठेंगे तो सब मामला सुलझ जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने सीट शेयरिंग को लेकर कहा कि चुनाव समिति को तय करना है। 

कहीं कोई विवाद नहीं है। जल्द ही सब कुछ तय हो जाएगा। केंद्रीय विधि मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राजद का नाम लिए बगैर कहा है कि मुख्य विपक्षी दल अपनी विरासत पर शर्मिंदा क्यों है। आखिरकार दो पूर्व सीएम की तस्वीर पार्टी के पोस्टर से क्यों गायब है। विरासत को छिपाने की जरुरत क्यों पड़ गई। इससे साफ है कि विपक्ष के पास दिखाने के लिए कुछ भी नहीं है।  

विधानसभा चुनाव में भाजपा यह सवाल जरूर पूछेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से सात निश्चय-दो को भाजपा के घोषणा पत्र में शामिल करने के सवाल पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हमारी पार्टी के मेनिफेस्टो जारी होने तक इंतजार करें। वैसे सात निश्चय-दो में बिहार के विकास की चर्चा है। एनडीए की पहली प्राथमिकता विकास ही है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए चुनावी मैदान में जा रहा है। 

एनडीए के पास नेता नीतीश कुमार और राष्ट्रीय नेता प्रधानमंत्री हैं। नीति स्पष्ट है। दल में बेहतर समन्वय है। दावा किया कि जीत एनडीए की ही होगी। कोरोना काल में हो रहे चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि डिजिटल प्रचार में भाजपा आगे है। बाकी पार्टियों ने कोशिश की तो धाराशाई हो गई। केंद्र व राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि बिहार के प्रति प्रधानमंत्री का विशेष लगाव है। सवा लाख करोड़ का पैकेज हो या एनएच, बिजली योजना, सभी में बिहार को प्राथमिकता दी गई। 

मार्च तक बिहार के सभी गांवों तक ऑप्टिकल फाइबर बिछ जाएंगे। बिहार के 9.44 करोड़ लोगों को 45 लाख मीट्रिक टन अनाज मुफ्त में दिया गया। ढाई करोड़ महिलाओं को 15 सौ नकदी दिए गए। 15 लाख 73 हजार किसानों को 5904 करोड़ दिए गए। इस मौके पर विधान पार्षद संजय मयूख, प्रदेश प्रवक्ता प्रेमरंजन पटेल, अजफर शम्सी व विवेकानंद पासवान, राकेश कुमार सिंह, अशोक भट्, राजेश झा राजू, पंकज सिंह मौजूद थे।

Suggested News