शर्मनाक! सगी नाबालिग बहनों का अपहरण कर दुष्कर्म किया, फिर ऑर्केस्ट्रा में बेच दिया
BAGHA : बिहार में बेटियां कितनी सुरक्षित हैं, इसका अंदाजा बेगूसराय और बगहा की घटनाओं से लगाया जा सकता है। जहां बेगूसराय में युवती को निर्वस्त्र कर उसका वीडियो वायरल कर दिया गया। वहीं पश्चिम चंपारण के बगहा में दो सगी नाबालिग बहनों का ना सिर्फ अपहरण किया गया, बल्कि दोनों से दुष्कर्म करने के बाद उन्हें ऑर्केस्ट्रा में बेच दिया गया। शुक्रवार को पुलिस ने छापेमारी कर दोनों किशोरियों का रेस्क्यू किया। मौके से संचालिका ज्योति कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर आरोपी सागर कुमार व सोनू कुमार को भी पुलिस ने दबोच लिया।
पूरा मामला धनहा थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बीते 23 जून की रात में दोनों सगी बहनें शौच के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसके बाद वे घर नहीं लौटीं। हमलोग उसे ढूंढ़ रहे थे। तभी अपहरणकर्ताओं ने 29 जून को फोन कर कहा कि आपकी बेटियां सुरक्षित हैं, घबराएं नहीं। दोनों जल्द लौट आएंगी। तब हम लोग दोनों के लौटने का इंतजार करने लगे।
19 जुलाई को फोन कर कहा कि दोनों नहीं लौटेगी। परिजनों ने दोनों नाबालिगों के अपहरण की एफआईआर 20 जुलाई को दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने दोनों के फोन लोकेशन के आधार पर ऑक्रेष्ट्रा में छापेमारी की और दोनों किशोरियों को वहां से बाहर निकाला।
दोनों बहनों ने पुलिस को बताया कि दोनों युवकों ने हम लोगों को बहलाकर अगवा कर लिया। कई दिनों तक दुष्कर्म किया। इसके बाद ऑर्केस्ट्रा में बेच दिया। यहां कई लोगों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया।
मामले में दोनों युवतियों के बयान के आधार पर ऑर्केस्ट्रा संचालिका ज्योति कुमारी और अपहरण करनेवाले दोनों आरोपी सागर कुमार व सोनू कुमार को भी पुलिस ने दबोच लिया।फिलहाल सभी के विरूद्ध आगे की कार्रवाई की जा रही है।