LAKHISARAI : बड़हिया नगर पंचायत में एक पागल सांड ने आतंक फैला रखा है। जिसका खौफ लोगों में देखा जा रहा है। यह पागल साढ़ अब तक कई लोगों को घायल कर चुका है। ताजा मामला बीते बुधवार का है, जहां सांड ने एक बुजुर्ग को पटक पटककर मार डाला है। बुजुर्ग की पहचान स्थानीय वार्ड निवासी व पेशे से किसान शिवदानी सिंह के रूप में हुई। इससे पहले बीते 29 जुलाई को नगर पंचायत के दो सफाईकर्मियों पर हमला किया था। लेकिन इसके बाद भी नगर प्रशासक का रवैय्या लापरवाही वाला रहा, जिसकी कीमत एक व्यक्ति ने अपनी जान देकर चुकाई।
घटना की जानकारी देते हुए ग्रामीणों ने बताया कि बुजुर्ग के घर से निकलते ही सांड ने हमला कर दिया जिससे कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनके शोर पर दौड़े ग्रामीणों को देख सांढ मौके से भाग निकला। ग्रामीणों एवं परिजनों के मदद से बुजुर्ग को तत्काल रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नगर क्षेत्र में इन दिनों एक बेसहारा सांड से आम लोग परेशान हैं। आने जाने वाले राहगीर और स्थानीय लोगों के आए दिन बिगड़ैल सांड के शिकार होने की सूचना मिलती रही है। 29 जुलाई को भी सफाई कार्य में लगे दो सफाई कर्मियों के जख्मी होने की जानकारी प्राप्त हुई थी। सांड के वार से हुए जख्मीयों का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया था। ग्रामीणों ने बताया कि इस खुले सांड के डर से लोग भयभीत हैं। हर घर के लोग घर से बाहर निकले अपने बच्चों की सुरक्षा के प्रति आशंकित रहने को मजबूर हैं।