बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

युवक की गला दबाकर की हत्या, शव को बांसवारी में फेंका, छठ-दिवाली परिवार संग मनाने तीन दिन पहले लौटा था घर

युवक की गला दबाकर की हत्या, शव को बांसवारी में फेंका, छठ-दिवाली परिवार संग मनाने तीन दिन पहले लौटा था घर

GOPALGANJ : नगर थाना क्षेत्र के मानिकपुर बलुवा टोला गांव के एक युवक की हत्या करने के बाद शव को पार नवादा गांव स्थित बांसवारी में फेंक दिया गया। हत्या की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया। मृतक की पहचान मानिकपुर बलुवा टोला गांव के सुदर्शन यादव के पुत्र अजय यादव के रूप में की गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह उड़ीसा में रहकर चालक का काम करता था। तीन दिन पूर्व वह उड़ीसा से दीपावली व छठ पर्व को लेकर घर पर आया हुआ था। मंगलवार की रात करीब आठ बजे तक वह घर पर था। इसके बाद वह घर से बाहर चला गया। 

रात में गया था घर से बाहर

परिजनों का आरोप है कि किसी ने फोन कर उसे बुलाया। इसके बाद अजय घर से बाहर गया। परिवार के सदस्यों को लगा कि वह उड़ीसा से आया है तो अपने किसी दोस्त के यहां गया होगा। जहां रात में रूक गया होगा। लेकिन बुधवार की सुबह जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के सदस्य उसकी खोजबीन करने लगे। खोजबीन के क्रम में पता चला कि पार नवादा गांव में स्थित बांसवारी में एक युवक का शव पड़ा हुआ है।

प्रेम प्रसंग से भी जोड़ा जा रहा कनेक्शन 

इसकी जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो देखा कि वह अजय का शव है। अजय के कान से खून निकल रहा था। गले में काले धब्बे का निशान पड़ा हुआ था। उसके सिर पर भी चोट के निशान थे। परिजन मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या करने की आशंका जाता रहे हैं। उधर पुलिस परिजनों का बयान दर्ज कर मामले की छानबीन करने में जुट गई है। प्रेम-प्रसंग व रुपए की लेनदेन को लेकर भी हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि परिजन हत्या करने के कारणों का स्पष्ट रूप से जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। 

कॉल डिटेल्स से खुलेगा युवक की हत्या का राज

मानिकपुर बलुआ टोला गांव के युवक की हत्या का राज उसके मोबाइल के कॉल डिटेल्स से खुलेगा। पार नवादा गांव में युवक के शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच करने पहुंची पुलिस ने उसके शव के पास से उसका मोबाइल भी बरामद किया है। पुलिस अब टेक्निकल सेल की मदद से यह पता लगाने में जुटी हुई है कि अंतिम कॉल युवक को किसने किया था। उस आधार पर पुलिस की टीम आगे की कार्रवाई करेगी।

दीपावली व छठ पर्व को लेकर आया था घर

नगर थाना क्षेत्र के मानिकपुर बलुवा टोला गांव के रहने वाले सुदर्शन यादव का चौथा पुत्र अजय यादव उड़ीसा में रहकर कमाई करता था। दीपावली व छठ महापर्व को लेकर वह अपने घर तीन दिन पूर्व आया था। परिवार के सदस्य भी उसके आने से काफी खुश थे। वह भी परिवार के साथ दीपावली व छठ मनाने को लेकर पहुंचा हुआ था। लेकिन किसे पता था कि इन पर्व के पहले ही उसकी हत्या कर दी जाएगी।

नई बाइक खरीदने का सपना रह गया अधूरा

अजय यादव के दोस्त व परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह उड़ीसा से कमाई करने के बाद घर जब आया तो धनतेरस के अवसर पर नई बाइक खरीदने की तैयारी में था। वह अपने दोस्तों के साथ एक बाइक की एजेंसी पर भी पहुंच कर बाइक पसंद कर लिया था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि धनतेरस के मौके पर वह नई बाइक लेकर आने वाला था। लेकिन उसकी हत्या के बाद उसका सपना अधूरा ही रह गया।

अजय की मौत के बाद परिजनों में पसरा मातम

नगर थाना क्षेत्र के मानिकपुर बलुवा टोला गांव के रहने वाले सुदर्शन यादव का चौथा पुत्र अजय यादव की हत्या करने के बाद उसके परिजनों में मातम पसर गया है। परिवार के सदस्य दहाड़ मार कर रो रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह छह भाइयों में चौथे नंबर पर था। तीन भाइयों की शादी हो चुकी है। अजय की शादी को लेकर परिवार के सदस्य अपने रिश्तेदारी में बातचीत कर रहे थे। लेकिन उसके पूर्व ही अजय की हत्या किए जाने के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं। सदर अस्पताल से जब उसका शव दरवाजे पर पहुंचा तो परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे। आसपास के लोगों की भीड़ भी काफी संख्या में उसे देखने के लिए जुटी हुई थी। पल भर में ही दीपावली व छठ महापर्व की खुशी मातम में बदल गई।

पुलिस कर रही छानबीन

नगर थाना क्षेत्र के पार नवादा गांव में एक युवक का शव बरामद किया गया है। युवक मानिकपुर बलुआ टोला गांव का रहनेवाला है। परिजन अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

 प्रशांत कुमार राय, नगर इंस्पेक्टर


Suggested News