BANKA : बांका में फांसी के फंदे से लटकाकर युवक की हत्या कर देने का मामला सामने आया है। मृतक के पत्नी के फर्द बयान पर चार महिला सहित 10 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। घटना बांका के कटोरिया थाना क्षेत्र के पपरेवा गांव की है। जहाँ बताया जा रहा है की शनिवार की रात में एक 25 वर्षीय युवक को हाथ पैर बांध कर गले में रस्सी के फंदा लगाकर हत्या कर दिया गया है। मृतक पपरेवा गांव के इश्वरी दास का पुत्र नंदकिशोर दास (25 वर्ष) बताया गया है।
घटना को लेकर मृतक की पत्नी साजी देवी द्वारा थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमें गांव के ही हरेंद्र दास, दिनेश दास, बेलू दास, देवेंद्र दास के अलावा चार महिला सहित 10 को नामजद बनाया गया है। जानकारी के अनुसार शनिवार रात युवक अपने पुराने घर से नया घर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में नामजद हरेंद्र दास के साथ गाली गलौज के बाद मारपीट हो गई।
मामला शांत होने के बाद रात में नामजद सभी मृतक के घर में घुसकर युवक एवं उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। मारपीट में युवक की पत्नी बेहोश हो गई। वहीं युवक के हाथ पैर को बांधकर फांसी से लटका दिया गया। इधर रविवार सुबह मृतक की मां जब अपने बेटे के घर गई तो मामले की जानकारी हुई।
हो हल्ला करने पर परिजन सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष महेश्वर राय, पुअनि महेश झा, सुभाष पासवान ने सदलबल मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। इधर घटना के बाद से नामजद सभी घर से फरार है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। फिलहाल इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बांका कटोरिया से कामेश्वर यादव के साथ चंद्रशेखर कुमार की रिपोर्ट