IAS Transfer in UP: यूपी में फिर चली तबादला एक्सप्रेस, कई जिलों के डीएम बदले गए, 6 PCS का भी हुआ ट्रांसफर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में तबादलों की लहर एक बार फिर देखने को मिली है। मंगलवार देर रात राज्य सरकार ने 14 आईएएस और 6 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इसमें चार जिलों के जिलाधिकारी और दो जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) को बदला गया है। साथ ही कई अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
इन जिलों के डीएम बदले गए
हरदोई के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को बलिया का नया डीएम बनाया गया है। बलिया के जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार को यूपी जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है। महाराजगंज के जिलाधिकारी अनुनय झा को हरदोई का नया डीएम बनाया गया है। अयोध्या के नगर आयुक्त और अयोध्या तीर्थ विकास परिषद के सीईओ संतोष कुमार शर्मा को महाराजगंज का डीएम बनाया गया है। पीलीभीत के डीएम संजय कुमार सिंह को हटाकर उनकी जगह ज्ञानेंद्र सिंह को डीएम नियुक्त किया गया है।
इन जिलों के CDO बदले गए
सिद्धार्थनगर के मुख्य विकास अधिकारी जयेंद्र कुमार को अयोध्या तीर्थ विकास परिषद का सीईओ और नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। गोरखपुर की संयुक्त मजिस्ट्रेट मृणाली अविनाथ जोशी को सिद्धार्थनगर का नया CDO बनाया गया है। बुलंदशहर के मुख्य विकास अधिकारी कुलदीप मीणा को अलीगढ़ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। मथुरा की संयुक्त मजिस्ट्रेट निशा को बुलंदशहर का नया CDO नियुक्त किया गया है।
अन्य बड़े प्रशासनिक बदलाव
वरिष्ठ आईएएस दीपक कुमार को कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। प्रेरणा शर्मा, जो अभी तक सूडा की निदेशक थीं, उन्हें उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। अपूर्वा दुबे, जो अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष थीं, अब सूडा की निदेशक होंगी।
पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले
प्रकाश चंद्र (एडीएम प्रोटोकॉल, वाराणसी) को हाथरस का एडीएम न्यायिक बनाया गया है। शिव नारायण (एडीएम न्यायिक, हाथरस) को बागपत भेजा गया है। विनीत कुमार सिंह (एडीएम वित्त, गोरखपुर) को गाजियाबाद का एडीएम नगर बनाया गया है। हिमांशु वर्मा (नगर मजिस्ट्रेट, गोरखपुर) को एडीएम वित्त एवं राजस्व, गोरखपुर बनाया गया है। उत्कर्ष श्रीवास्तव (एसडीएम, संत कबीर नगर) को नगर मजिस्ट्रेट, गोरखपुर नियुक्त किया गया है। अलंकार अग्निहोत्री (सहायक नगर आयुक्त, लखनऊ) को बरेली का नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।