Bihar News: 5 जनवरी में इस जिले में विजय सिन्हा करेंगे भूमि सुधार जन कल्याण संवाद, आम लोगों से सुनेंगे समस्या, अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

Bihar News: पहली पाली में आमलोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। इस दौरान विभाग से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं, दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी समेत अन्य मामलों पर शिकायतें दर्ज की जाएंगी।

विजय सिन्हा
भूमि सुधार जन कल्याण संवाद - फोटो : social media

Bihar News: बिहार के डिप्टी सीएम और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा हर जिले में आम लोगों से संवाद कर रहे हैं। प्रत्येक जिलों में डिप्टी सीएम भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में विजय सिन्हा आम लोगों की समस्या सुनते हैं और उसका निष्पादन करते हैं। इस दौरान किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो वो तुरंत उसे निलंबित भी कर देते हैं। इसी कड़ी में 5 जनवरी को भागलपुर में डिप्टी सीएम भूमि सुधार जन कल्याण संवाद करेंगे।

 भागलपुर में जन संवाद 

दरअसल, आम लोगों को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़ी सेवाएं समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 5 जनवरी 2026 को भागलपुर में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। यह संवाद टाउन हॉल, भागलपुर में आयोजित होगा। पहली पाली में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक आम जनता से सीधा संवाद किया जाएगा, जबकि दूसरी पाली में अपराह्न 3:30 बजे से 5 बजे तक अधिकारियों के साथ राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक होगी।

आम लोगों से सुनेंगे समस्या 

पहली पाली में आमलोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। इस दौरान विभाग से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं, दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी समेत अन्य मामलों पर शिकायतें दर्ज की जाएंगी। कुछ आवेदनों का अंचलवार चयन कर संबंधित अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मियों को आवेदक के समक्ष बैठाकर मौके पर ही समस्या पर चर्चा और समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस सत्र में सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।

आवेदक करें आपना आवेदन 

आवेदनकर्ताओं का पंजीकरण सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक टाउन हॉल में अंचलवार लगाए गए काउंटरों पर किया जाएगा। आवेदकों से अपने आवेदन में अंचल का नाम, पूरा पता और मोबाइल नंबर अंकित करने की अपील की गई है, ताकि कार्रवाई की जानकारी उन्हें संदेश के माध्यम से मिलती रहे। पूर्व में दिए गए किसी भी आवेदन की प्रति संलग्न करना भी अनिवार्य बताया गया है। यहां प्राप्त सभी आवेदनों को पोर्टल पर अपलोड कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ऑनलाइ सेवाओं की समीक्षा 

द्वितीय पाली में होने वाली समीक्षा बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त, जिला समाहर्ता, अपर समाहर्ता, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, बंदोबस्त पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, अमीन, राजस्व अधिकारी और राजस्व कर्मचारी शामिल होंगे। इस दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी समेत सभी ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति की आंकड़ों के साथ समीक्षा की जाएगी। साथ ही अभियान बसेरा-2 की प्रगति की भी विशेष समीक्षा होगी।

75 दिन में लंबित कार्य का निपटारा आवश्यक 

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 75 दिनों से अधिक समय से लंबित सभी दाखिल-खारिज आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। वहीं महाअभियान से संबंधित सभी दस्तावेजों को स्कैन कर सोमवार की समीक्षा बैठक से पहले अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। समीक्षा बैठक में सभी अंचल अधिकारी, अमीन और राजस्व कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। चिकित्सा और उपार्जित अवकाश को छोड़कर पूर्व में स्वीकृत सभी अवकाश इस दिन के लिए निरस्त माने जाएंगे।

भूमि विवाद में कमी लाना उद्देश्य 

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का उद्देश्य भूमि से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं को समय पर उपलब्ध कराना, भूमि अभिलेखों को अद्यतन करना और भूमि विवादों में कमी लाना है। उन्होंने आमजनों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में भूमि सुधार से जुड़े कार्यों के लिए किसी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। राज्यभर में राजस्व ग्राम स्तर पर समीक्षा का कार्य लगातार जारी है, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह बनाया जा सके।