Bihar Weather: बिहार में ठंड से बढ़ाई ठिठुरन, कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से भी नीचे, जानिए मौसम विभाग का अलर्ट
Bihar Weather: बिहार में नवंबर में ही जनवरी जैसी ठंड पड़ रही है। ठंड का असर साफ देखने को मिल रहा है। कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है...
Bihar Weather: बिहार में ठंड का असर धीरे धीरे बढ़ने लगा है। कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से भी नीचे पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक ठंड पड़ने की संभावना जताई है। नवंबर के शुरुआती हफ्तों में ही राज्य के कई हिस्सों में तापमान रिकॉर्ड स्तर तक नीचे चला गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कई जिलों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। जो आमतौर पर दिसंबर के अंत या जनवरी में देखने को मिलता है।
तापमान में तेजी से गिरावट
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही ठंडी हवाओं और विंड पैटर्न में बदलाव के कारण बिहार में तापमान में तेजी से गिरावट आई है। नतीजतन, लोग अभी से रजाई, कंबल और गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं। सोमवार को गया जिले के कोंच प्रखंड में सबसे कम तापमान 11.5°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं, लगभग 25 जिलों में पारा 15°C से नीचे चला गया। इनमें पटना का न्यूनतम तापमान 13.4°C, पश्चिम चंपारण 11.8°C, पूर्वी चंपारण 12°C, रोहतास 12.1°C, नवादा 12.7°C और बक्सर 13°C दर्ज किया गया। झारखंड की सीमा से सटे जिलों में ठंड और अधिक महसूस की जा रही है, जबकि सीमांचल के जिलों में तापमान अपेक्षाकृत थोड़ा अधिक बना हुआ है।
48 से 72 घंटे में और गिरेगा पारा
मौसम विभाग ने आने वाले 48 से 72 घंटों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। रात का पारा 1 से 2 डिग्री तक और नीचे जाने की संभावना है। इससे सुबह-शाम धुंध और कुहासा बढ़ेगा। पछुआ हवाएं लगभग 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। हालांकि दिन में धूप निकलेगी, लेकिन घनी धुंध के कारण सूर्य की किरणें धरती तक नहीं पहुंच पाएंगी, जिससे दिन का तापमान भी अस्थिर बना रहेगा।
खराब श्रेणी में पहुंचा AQI
इस बीच, ठंड बढ़ने के साथ ही पटना समेत कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता (Air Quality) भी बिगड़ने लगी है। पटना के सम्मनपुर में AQI 293 और दानापुर में 212 दर्ज किया गया। जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। पटना के बाद गया जिले के कलेक्ट्रेट क्षेत्र में भी वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।