Bihar Weather: पटना सहित बिहार के 34 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 4 जिलों में हीटवेव, मौसम विभाग का टेंशन देने वाला अपडेट

Bihar Weather: मौसम विभाग ने आज पटना सहित 34 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई है। वहीं 4 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश
34 जिलों में बारिश की संभावना- फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दिन और रात का तापमान एक सामान्य रह रहा है। जिससे रात में भी बैचेनी देखने को मिल रही है। अधिकत्तर जिलों में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं शनिवार को बिहार के चार जिले रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और भोजपुर में लू चलने की आशंका जताई गई है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है और नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर में धूप और गर्म हवाओं से बचें।

34 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट 

इस बीच राज्य के अन्य हिस्सों में आंधी-बारिश की संभावना बनी हुई है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर और नालंदा समेत 34 जिलों में तेज हवा, मेघगर्जन और बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने और खुले स्थानों व पेड़ों के नीचे खड़े न होने की चेतावनी दी है।

उमस ने बढ़ाई परेशानी, पटना में तापमान 40 डिग्री

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। राजधानी पटना में धूप और बादल के बीच उमस का सिलसिला बना रहा और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, वायुमंडल के निचले स्तर पर अधिक नमी और हवा की धीमी गति के कारण लोगों को गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है।

मानसून के लिए करना होगा और इंतजार

बिहार में मानसून की दस्तक फिलहाल टल गई है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 16 जून तक मानसून के आगमन की अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन रही हैं। इससे पहले इसकी संभावित तिथि 13-15 जून के बीच मानी जा रही थी। मौसम विभाग की मानें तो दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल बिहार की सीमा से सटे सिक्किम और पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में ही अटका हुआ है। जब तक पुरवा हवा की रफ्तार नहीं बढ़ती और उत्तर बिहार में ठनका व बारिश की गतिविधि नहीं होती, तब तक मानसून आगे नहीं बढ़ेगा।

राहत की उम्मीद

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में तेज हवा, ठनका और हल्की बारिश हो सकती है। जिससे वहां के लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि दक्षिण बिहार में अभी भी गर्मी का कहर जारी रहेगा। विभाग ने अनुमान जताया है कि 17 जून के बाद राज्य में बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।

तापमान में इजाफा

शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिन का तापमान औसतन 1.6 डिग्री और रात का तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा। डेहरी में सबसे अधिक 42.2 डिग्री और बांका में सबसे कम 26.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पटना, गया, आरा, छपरा, औरंगाबाद, दरभंगा और गोपालगंज समेत 8 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा।