Bihar weather: बिहार के 24 जिलों के लिए अलर्ट जारी, 22 मई तक ठनका और बारिश की चेतावनी, जानिए अपने शहर का हाल

Bihar weather: बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 22 मई तक प्रदेश भर में गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई है। साथ ही विभाग ने बारिश और ठनका को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बारिश
22 मई तक गर्मी से मिलेगी राहत - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar weather: बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। ठंडी हवाओं के चलने  से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। वहीं  राज्य के अधिकांश हिस्सों में सोमवार से 22 मई तक वज्रपात (ठनका) और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को ठनका से बचने के लिए भी अपील की है। रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म स्थान डेहरी 40 डिग्री सेल्सियस तापमा रहा, जबकि फारबिसगंज 21 डिग्री के साथ सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया।

पटना में बदला मौसम का मिजाज 

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी पटना में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ ठनका गिर सकता है। पूरे राज्य में 24 जिलों में बारिश के आसार हैं, जबकि 17 जिलों में वज्रपात और आंधी का खतरा बना हुआ है। इन इलाकों में हवा की गति 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का अनुमान है।

इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

सोमवार को सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, जमुई, बांका, मुंगेर और खगड़िया जिलों के कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर और मधुबनी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है और एक-दो स्थानों पर ठनका गिरने की संभावना है।

Nsmch
NIHER

राज्य भर में तापमान में गिरावट

रविवार को प्रदेश भर में मौसम में ठंडक देखी गई। बादलों की मौजूदगी और बेमौसम बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में औसतन 1.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के 13 जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई, जबकि रोहतास, गया और पटना में हल्की बूंदाबांदी देखी गई। सबसे अधिक वर्षा मधेपुरा में 14 मिमी दर्ज की गई। रविवार को गया में तेज हवा 57 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली।