आचार्य श्रीराम शर्मा की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा का दसास्नान, गुरु पूर्णिमा पर मस्तीचक गायत्री शक्तिपीठ में कन्यापूजन और दीप महायज्ञ का आयोजन

आचार्य श्रीराम शर्मा की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा का दसास्न

Patna  - गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुवार को मस्तीचक स्थित आचार्य श्रीराम शर्मा की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा का दसास्नान किया गया। अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल परिसर स्थित आचार्य श्रीराम शर्मा की 50 फीट ऊंची प्रतिमा का दस तत्वों से शुद्ध स्नान संपन्न हुआ। बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के डीन(अकादमिक) डाॅ मिथिलेश प्रताप इस अवसर पर सपत्नीक मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। 

मस्तीचक स्थित गायत्री शक्तिपीठ के आचार्य विकास शर्मा और रामबिहारी भारद्वाज ने वैदिक मंत्रों के साथ दसास्नान संपन्न कराया। इस दौरान गुरुदेव की विशाल प्रतिमा पर दूध, दही, घी, शहद, भस्म, गाय के गोबर, गोमूत्र, सर्व औषधि, मिट्टी और गंगाजल से शुद्ध स्नान कराया गया। इस अवसर पर गुजरात से आए श्रद्धालुओं के अलावा आचार्य श्रीराम श्रीराम शर्मा के अनुयायी बड़ी तादाद में उपस्थित थे। मुख्य यजमान डाॅ मिथिलेश प्रताप ने पत्नी के साथ आचार्य श्रीराम शर्मा की पादूका का विधिवत पूजन करके दसास्नान कराया।

 इस मौके पर युगॠषि श्रीराम शर्मा आचार्य चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी मृत्युंजय तिवारी विशेष रूप से उपस्थित थे। इधर मस्तीचक स्थित गायत्री शक्तिपीठ में गुरु पूर्णिमा पर पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न हुआ। इसके बाद कन्या पूजन हुआ। कन्या पूजन के बाद सभी बालिकाओं को वस्त्र भेंट किया गया। 

इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ में भंडारा का भी आयोजन हुआ। इसमें हजारों भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। संध्या काल में मस्तीचक गायत्री शक्तिपीठ में विशेष आरती और दीप महायज्ञ का आयोजन हुआ। इसमें अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के फुटबॉल टू आईबाॅल प्रोग्राम की छात्राओं ने मन्दिर प्रांगण में हजारों दीपक जलाए।