Ashok Choudhary : मंत्री अशोक चौधरी देंगे इस्तीफा! JDU MLC नीरज के बाद अब प्रशांत किशोर ने भी की नीतीश से मांग...पार्टी में हड़कंप...
Ashok Choudhary : जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सीएम नीतीश से बड़ी मांग की है। पीके ने सीएम नीतीश से कहा है कि वो मंत्री अशोक चौधरी से जवाब मांगे या फिर उनसे इस्तीफा लें...

Ashok Choudhary : जन सुराज के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर यानी पीके द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी और कैबिनेट मंत्री अशोक चौधरी पर लगाए गए गंभीर आरोपों ने बिहार के सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। पीके के खुलासे से सियासी भूचाल मचा है। इसी बीच प्रशांत किशोर ने सीएम नीतीश से मांग की है कि मंत्री अशोक चौधरी को उनके पद से हटाए। इसके पहले जदयू के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने भी अशोक चौधरी से जवाब मांगा।
इस्तीफा दें मंत्री अशोक चौधरी
प्रशांत किशोर ने कहा कि, सीएम नीतीश व्यक्तिगत तौर पर बिल्कुल इमानदार व्यक्ति हैं लेकिन अब वो शारीरिक मानसिक तौर पर थक गए हैं तो जिनता मंत्री अफसर है सब उनको लूट रहा है। पीके ने कहा कि हमें कल सभी मंत्रियों का दस्तावेज जारी किया है। अब उन मंत्रियों की जिम्मेवारी है कि वो अपना सफाई दें। पीके ने आगे कहा कि अगर वो सफाई नहीं देते हैं तो नीतीश कुमार की जिम्मेदारी है कि उन मंत्रियों को हटाए।
पीके की मांग
प्रशांत किशोर ने सीएम नीतीश को याद दिलाते हुए कहा कि जब तेजस्वी यादव पर आरोप लगा था तो सीएम नीतीश ने तेजस्वी यादव से कहा था कि अपनी सफाई दो नहीं तो तुम्हारा साथ छोड़ दूंगा और उन्होंने ऐसा किया भी तो अगर ये तेजस्वी पर लागू हो रहा है तो फिर अशोक चौधरी, सम्राट चौधरी और मंगल पांडे को भी अपना सफाई देना चाहिए। यदि ये सफाई नहीं देते हैं तो उन्हें पद से हटाया जाए।
अशोक चौधरी पर आरोप
गौरतलब हो कि, प्रशांत किशोर ने बीते दिनों सार्वजनिक मंच से अशोक चौधरी पर कथित भूमि घोटाले और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि मंत्री बनने के बाद चौधरी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई लाभ उठाए हैं। वहीं एक मीडिया चैनल से बात चीत के दौरान मंत्री अशोक चौधरी ने इस मामले में पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया है। पीके केवल आरोप लगा रहे हैं।
अशोक चौधरी का पलटवार
दरअसल, प्रशांत किशोर द्वारा लगाए गए आरोपों पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर बिना साक्ष्य के केवल आरोप लगा रहे हैं। अशोक चौधरी ने सफाई देते हुए कहा कि, मैं नियमित रूप से सालाना आईटी रिटर्न दाखिल करता हूं। मेरी सारी संपत्ति और जानकारी पब्लिक डोमेन में उपलब्ध है। मैंने कोई भी संपत्ति छुपाई नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि बिना सबूत के किसी पर भी आरोप लगाना गलत है। "यह कैसी अजीब बात है कि जो मन में आए, किसी के खिलाफ बोल दीजिए। मेरे खिलाफ गड़बड़ी का कोई मामला नहीं है। मंत्री चौधरी ने यह भी कहा कि उन्होंने प्रशांत किशोर के खिलाफ पहले ही मानहानि का मुकदमा किया था, जिसमें उन्हें नोटिस मिला है। उसी की बौखलाहट में वे मेरे खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।
JDU MLC ने मांगी सफाई
वहीं मामले के सामने आने के बाद जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने भी अपने ही पार्टी के नेता और मंत्री अशोक चौधरी से सफाई मांगा। नीरज कुमार ने कहा कि "भ्रष्टाचार के जो गंभीर आरोप प्रशांत किशोर ने लगाए हैं, उस पर मंत्री अशोक चौधरी को बिंदुवार सफाई देनी चाहिए। नीतीश कुमार की सरकार हमेशा सुशासन की मिसाल रही है। ऐसे में किसी भी मंत्री पर इस प्रकार के आरोप लगना सरकार की छवि पर असर डालता है।" उन्होंने आगे कहा कि अशोक चौधरी की चुप्पी से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं अब पीके ने भी इस्तीफे की मांग कर दी है।