बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

मोकामा में गायब किशोरी का शव मिलने के बाद थाना विवाद में उलझी पुलिस, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा भी फंसे

मोकामा में गायब किशोरी का शव मिलने के बाद थाना विवाद में उलझी पुलिस, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा भी फंसे

PATNA :  एक लापता इंटर छात्रा का शव बरामद होने के बाद शुक्रवार को एफआईआर दर्ज करने को लेकर पटना के मोकामा थाना और मोकामा जीआरपी के बीच मामला उलझा रहा। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने शिवनार में एनएच 31 पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। दरअसल मृतका के भाई के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे उसकी 17 वर्षीय बहन अपने माता पिता को खाना पहुंचाने खेत पर गई थी। लेकिन, वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। 

इस बीच, रेल पुलिस ने गुरुवार की देर रात एफसीआई मोकामा के समीप रेल ट्रैक के पास से एक शव बरामद किया। जहां से शव की बरामदगी हुई। वह मोकामा थाना क्षेत्र का इलाका बताया गया। रेल पुलिस की सूचना पर शव को मोकामा थाने को सौंप दिया गया। हालांकि शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। वहीं शुक्रवार को मोकामा थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और शिनाख्त के लिए सुरक्षित रख दिया।

शुक्रवार दोपहर बरहपुर से गायब हुई किशोरी के परिजनों ने इसकी शिकायत मोकामा थाने को दी। वहां पड़े एक शव की पहचान गायब किशोरी के रूप में हुई तो परिजनों में चीत्कार मच गया। मृतका के भाई का कथित आरोप है कि उसकी बहन के साथ गलत हुआ है। किसी ने उसकी हत्या करके शव को रेलवे लाइन के पास फेंक दिया।

मृतका के भाई के अनुसार बाद में शिकायत दर्ज कराने को लेकर मोकामा थाना ने कहा कि यह मामला जीआरपी का है। वहीं जीआरपी ने आवेदन यह कहकर नहीं लिया कि मामला मोकामा थाना का है। पुलिस के इस थाना विवाद से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को एनएच 31 पर रख सड़क जाम कर दिया। शुक्रवार शाम कई घँटे तक एनएच जाम रहने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। वहीं जाम में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा का काफिला भी फंस गया। उन्होंने ग्रामीणों की शिकायत सुनी और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

पटना से विकास की रिपोर्ट

Suggested News