यूपीएससी के बाद JPSC में भी चला लड़कियों का जादू, सावित्री बनी टॉपर

RANCHI : दो दिन पहले यूपीएससी में लड़कियों ने कमाल किया था। अब जेपीएससी में भी लड़कियों ने बाजी मारी है। बीते मंगलवार को जेपीएससी ने 7वीं से 10 वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इसमें बोकारो जिले के कसमार प्रखंड के दांतू गांव की सावित्री कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया है। जबकि दूसरे स्थान पर कुमार विनोद व तीसरे स्थान पर मो अरमानुल हक रहे।
पद भी बांट दिए गए
परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद झारखंड की हेमंत सरकार ने उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को उनकी सेवाएं भी बांट दी है। सावित्री कुमारी का चयन राज्य प्रशासनिक सेवा में हुआ है, कुमार विनोद और मो एरामुल हक राज्य पुलिस सेवा में चुने गए हैं।
15 दिन पहले हुआ था इंटरव्यू
सातवीं से 10वीं सिविल सेवा परीक्षा का इंटरव्यू नौ से 16 मई तक हुआ था। मुख्य परीक्षा में सफल 802 अभ्यर्थियों ने इंटरव्यू दिया था। इसमें 252 का चयन किया गया है। सातवीं से दसवीं जेपीएससी के लिए 15 फरवरी 2021 से 15 मार्च 2021 तक आवेदन लिए गए थे। इसकी प्रारंभिक परीक्षा 19 सितंबर को दो पालियों में आयोजित की गई थी।
सातवीं से 10वीं जेपीएससी का सफर रिकॉर्ड 16 महीने में पूरा हुआ। फरवरी 2021 में आवेदन पत्र लिए जाने शुरू हुए थे और 31 मई 2020 को इंटरव्यू के बाद अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया। प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम पर सवाल भी उठे। सफल हुए 49 अभ्यर्थियों का रिजल्ट रद्द भी करना पड़ा, मामला हाईकोर्ट में भी गया, बावजूद इसके जेपीएससी ने रिकॉर्ड समय पर संयुक्त रूप से सातवीं से 10वीं जेपीएससी का परिणाम जारी किया।
सातवीं से 10वीं जेपीएससी : टॉप टेन
1. सावित्री कुमारी - झारखंड प्रशासनिक सेवा
2. कुमार विनोद - झारखंड पुलिस सेवा
3. मो एलामुल हक - झारखंड पुलिस सेवा
4. अभिनव कुमार - झारखंड प्रशासनिक सेवा
5. आशीष कुमार साहू - झारखंड प्रशासनिक सेवा
6. पूजा कुमारी - झारखंड पुलिस सेवा
7. राजीव रंजन - झारखंड पुलिस सेवा
8. भोला पांडेय - झारखंड प्रशासनिक सेवा
9. अंकित बड़ाइक - झारखंड प्रशासनिक सेवा
10. आशा साहू - झारखंड प्रशासनिक सेवा
इन पदों का निकला रिजल्ट :-
उप समाहर्ता - 44
पुलिस उपाधीक्षक - 40
जिला समादेष्टा - 16
कारा अधीक्षक - दो
सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक पदाधिकारी, विशेष पदाधिकारी - 65
झारखंड शिक्षा सेवा - 41
अवर निबंधक (राजस्व) - 10
सहायक निबंधक (कृषि)- छह
सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) - दो
नियोजन पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी - नौ
प्रोबेशन पदाधिकारी - 17