GAYA : युवा पीढ़ी से हम आग्रह करेंगे कि बिहार को विकसित राज बनाने के लिए जो संघर्ष हमारे दादा परदादाओं ने किया है। उसे अंजाम तक ले जाना हम सब युवाओं का दायित्व है। अगर बिहार को विकसित बनाना है तो बिहार के 13 करोड़ जनता को साथ लेकर चलना होगा। उक्त बातें लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद चिराग पासवान ने बुधवार की शाम बेलागंज के सहबाजपुर गांव में आयोजित रूद्र महायज्ञ समारोह के दौरान कहा। उन्होंने कहा कि जो लोग पिछले 30-32 वर्षो से बिहार के सत्ता पर कुंडली मारकर बैठे हैं। उनके गलत राजनीतिक और गलत सोच बिहार की विकास को अंधेरे में धकेल दिया है।
बुधवार की शाम प्रखंड क्षेत्र के सहबाजपुर गांव में आयोजित रुद्रमहायज्ञ में शामिल होने लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद चिराग पासवान बेलागंज के सहबाजपुर गांव पहुंचे। जहां चिराग ने सर्वप्रथम यज्ञ मंडल का भ्रमण कर नवनिर्मित मंदिरों में दर्शन कर शीश नवाया। जिसके उपरांत यज्ञ आयोजन समिति के द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा अरूण कुमार को अंगवस्त्र, बुक्के और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
मौके पर उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए सांसद चिराग पासवान ने बिहार के वर्तमान राजनीतिक परिवेश और बिहारियों के बदहाली पर निशाना साधा। पहले तो उन्होंने कहा कि ये कोई राजनीतिक मंच नहीं है। आज यहां कोई राजनीतिक चर्चा नहीं करूंगा। आज हम सब भगवान शिव के भक्त के रूप में उपस्थित हुए हैं। भगवान शिव खुद जहर पीकर दूसरों को अमृत देने का काम किया था।
उन्होंने कहा कि बिहार की विरासत अति प्राचीन है। जिसे बचाना विशेष कर युवाओं का दायित्व है। वही बाद में मीडिया के सामने मुखातिब होते हुए एक प्रश्न के जवाब में चिराग ने कहा कि कानून में फेरबदल कर अपनी राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति करना सही नही है। मुख्यमंत्री के जातिय राजनीति का यह जीता जागता नमूना है। लोजपा (रा) प्रदेश सरकार के इस फैसले के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि 28 नवम्बर को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में विशाल रैली का आयोजन किया जायेगा। जिसकी तैयारी हेतू प्रमंडल एवं जिला स्तर पर लोगो को निमंत्रण देने निकला हूं।