RANCHI: झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार में सभी पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक रखी है। इसी कड़ी में आज सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी झारखंड का दौरा करेंगे। आज दोनो नेताओं की 2-2 चुनावी सभा होनी है।
पीएम नरेंद्र मोदी आज सोमवार को करीब 11 बजे बरही पहुंचेंगे। बरही के बाद पीएम बोकारो में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं राहुल गांधी बड़कागांव और खिजरी में पार्टी प्रत्याशियों के प्रचार में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वो 2 बजे बोकारो जाएंगे।
बरही सीट पर तीसरे चरण के तहत जबकि बोकारो में चौथे चरण में वोट डाले जाएंगे। बरही सीट से भाजपा के प्रत्याशी मनोज यादव का मुकाबला कांग्रेस के उमाशंकर अकेला से है। बोकारो सीट पर भी कांग्रेस व भाजपा में सीधा मुकाबला है।बोकारो से भाजपा के प्रत्याशी विरंची नारायण हैं। वहीं, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री समरेश सिंह की पुत्रवधु श्वेता सिंह को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है।
बता दें कि नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार के लिए 25 नवंबर और तीन दिसंबर को झारखंड आ चुके हैं। 25 नवंबर को उन्होंने डालटनगंज और गुमला में जबकि तीन दिसंबर को उन्होंने खूंटी और जमशेदपुर में चुनावी सभा की थी। नरेंद्र मोदी के अलावा झारखंड में चुनाव प्रचार करने वालों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी, सांसद रवि किशन, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी शामिल हैं।
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत तीसरे चरण में 12 दिसंबर को बड़कागांव समेत 17 सीटों पर मतदान होंगे। इसमें कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, बड़कागांव, रामगढ़, धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया व कांके विधानसभा सीट शामिल है।
कुंदन की रिपोर्ट