बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

कोंच BDO मौत मामला: गया डीएम ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया

कोंच BDO मौत मामला: गया डीएम ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया

गया: जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने कोंच प्रखंड के बीडीओ राजीव रंजन आत्महत्या के मामले में अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया है। गौरतलब है कि विगत 30 अक्टूबर को जिले के कोंच प्रखंड के बीडीओ राजीव रंजन ने गया शहर के रामपुर थाना क्षेत्र के एपी कॉलोनी स्थित अपने आवास की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया था।  

कोंच बीडीओ के मौत के बाद जिले के सभी प्रखंडों के बीडीओ से लेकर सीईओ तक इसे प्रशासनिक दबाव का कारण बताया था। वहीं मृतक के परिजनों व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी सहित अन्य राजनीतिक दलों ने आत्महत्या का कारण प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अत्याधिक कार्य दबाव बनाया जाना बताया था। लोगों ने कहा था कि जिलाधिकारी एवं डीडीसी के द्वारा दबाव बनाए जाने के कारण वीडियो राजीव रंजन ने आत्महत्या कर ली थी।

 इसे लेकर जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने समाहरणालय के सभागार में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया। उन्होंने बताया कि बीडीओ राजीव रंजन काफी कर्मठ और इमानदार व्यक्ति थे। आत्महत्या का कारण चाहे जो भी रहा हो लेकिन इसके लिए वे जिम्मेवार नहीं है। उन्होंने कहा कि बीडीओ के ऊपर ना तो किसी तरह का प्रपत्र 'क' गठित किया गया था और ना ही किसी कार्य को लेकर दबाव बनाया गया था। उनके क्षेत्र में ना तो कोई विशेष विजिट किया गया था और ना ही कोई अलग से कार्य सौंपा गया था। 

जिलाधिकारी ने आगे बताया कि जहां तक सुसाइड नोट की बात है तो वह पुलिस का काम है। जो परिजनों के सामने सार्वजनिक किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि किसी पर भी बिना साक्ष्य के आरोप लगाना सही नहीं है। उनके ऊपर जो भी आरोप लगाए गए हैं, वह निराधार और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आलोक में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जहां तक उनके परिजनों ने सहयोग मांगा। वहां तक हमने काफी सहयोग किया। बावजूद इसके इस तरह का आरोप लगाना कहीं से भी सही नहीं है।


रिपोर्ट- मनोज कुमार 

Suggested News