प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की सात दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद शनिवार रात दिल्ली लौट आए। एयरपोर्ट के बाहर मोदी का मंच पर भव्य स्वागत किया गया। अमेरिका से लौटकर पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर अपने समर्थकों को संबोधित किया। इस दौरान वो अपने स्वागत से बेहद गदगद नजर आए। पीएम मोदी ने कहा कि कल से नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो रहा है। देशवासियों को नवरात्रि की बधाई देता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि तीन साल पहले आज की ही रात मैं फोन की घंटी बजने का इंतजार करता रहा हूं। तीन साल पहले आज की रात को भारतीय जवानों ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की थी और आतंकी ठिकानों को तबाह किया था। मैं भारतीय जवानों के पराक्रम को सलाम करता हूं।
उन्होंने कहा कि मैं 130 करोड़ देशवासियों का अभिनंदन करता हूं। 2014 में भी चुनाव जीतने के बाद अमेरिका गया था, लेकिन इस बार जो फर्क महसूस किया है। दुनियाभर के नेताओं में भारत के प्रति आदर बढ़ा है। इसका कारण 130 करोड़ हिंदुस्तानी हैं, जिन्होंने दुनिया को लोकतंत्र की ताकत समझाई।