चिराग की पार्टी में टूट ! लोजपा (रा) के सभी सांसदों ने जारी किया वीडियो, बताया क्या है भविष्य का प्लान...

PATNA: पीएम मोदी की नीतियों के खिलाफ चिराग पासवान के बयान देने पर अंदेशा जताया जा रहा है कि लोजपा(रा) के सांसद पार्टी से अलग हो सकते हैं। चिराग के दल को लेकर जताई जा रही आशंका के बीच अब चिराग ने अपनी पार्टी के सांसदों की एकजुटता को दर्शाने की कोशिश की है। चिराग सहित 5 सांसदों ने इसे लेकर एक वीडियो संदेश जारी किया है। जिसमें उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता लोजपा (रा) के प्रति दर्शाई है। चिराग पासवान के सांसदों ने कहा है कि वो सभी पार्टी के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। साथ ही राजद पर पार्टी के खिलाफ साजिश करना का आरोप लगाया है।
दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 में चिराग की पार्टी लोजपा(रा) ने पांच सीटों पर चुनाव लड़ा और पांचों सीटों पर सभी उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। जिसके बाद चिराग पासवान को केंद्र में मंत्री बनाया गया। वहीं हाल के कुछ दिनों में चिराग पासवान ने पीएम मोदी की कई नीतियों के खिलाफ बयान दिया है। आरक्षण में क्रीमी लेयर, लेटरल एंट्री, जातिगत गणना, वक्फ बोर्ड जैसे मुद्दों पर पार्टी से अलग विचारधारा पेश किए। जिसके बाद से ही लोजपा(रा) में टूट की अटकलें शुरू हो गई। लोजपा(रा) की टूट की अफवाहों के बीच अब सभी सांसदों ने अपना अपना रुख साफ किया है।
चिराग पासवान ने अपने सोशल मीडिया पर ट्विट कर कहा कि, "आज की तारीख में विपक्ष के द्वारा जो ये भ्रम फैलाया जा रहा है, मेरी पार्टी और मेरे सांसदों को लेकर, वह उसी साजिश को हवा देने की सोच है जो 2021 में रची गई थी। उस वक्त भी इनलोगों को लगा था कि ये चिराग पासवान को समाप्त कर देंगे, लेकिन ना उस वक्त ये लोग चिराग पासवान को समाप्त कर पाए और ना आगे कर पाएंगे। आज की तारीख में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का हर सांसद बिहार 'फर्स्ट- बिहारी फर्स्ट' की सोच को धरातल पर उतारने के लिए काम कर रहा है। अब हमलोग का ध्यान अगले साल, यानी 2025 में होनेवाले विधानसभा चुनाव पर है। जो लोग सोचते हैं कि लोजपा (रामविलास) में टूट हो, वो अपनी ख्वाहिशों को पर देने का काम कर रहे हैं, वे चाहते हैं कि ऐसा हो। लेकिन, ऐसा कुछ होनेवाला नहीं है। 'काठ की हांडी' बार बार नहीं चढ़ती है। इस बार ऐसा कुछ नहीं होगा"।
बता दें कि, चिराग पासवान के सांसदों ने भी वीडियो पोस्ट कर अपना रुख साफ किया है। खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने वीडियो शेयर कर पार्टी के साथ खड़े होने की बात कही। साथ ही कहा कि, उन बेचारों का मनोबल टूटा जिन्होंने पार्टी टूटने की खबर चलाई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से हमारी पार्टी में टूट होने की अपवाहों को हवा दी जा रही है। ये एनडीए को कमजोर करने की सोची-समझी साजिश है। उन्होंने कहा कि, मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि ना ही हमारी पार्टी में टूट हो रही है और ना ही हमारी पार्टी के अंदर विरोधाभास है। हमलोग अपने नेता के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं।
वहीं जमुई सांसद अरुण भारती ने पार्टी के एकजुटता को लेकर कहा कि, "राजद का चेहरा फिर एक बार बेनकाब हुआ। विकास के मुद्दो से ध्यान भटकाने का प्रयास करना राजद के चरित्र का अहम हिस्सा रहा है। मेरी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में टूट को लेकर भ्रामक खबर फैलाना राजद की साजिश है। हम सभी अपनी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि, एनडीए एकजुट रहता है तो राजद का राजनीति का कोई भविष्य नहीं है, इसलिए अपनी खोई भी अस्तिव को वापस पाने के लिए जनता को भरमा रहे हैं।
समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी ने भी वीडियो जारी कर पार्टी की एकजुटता पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, अफवाहों पर ध्यान ना दें। हमारी पार्टी लोजपा(रा) में टूट को लेकर भ्रामक खबर फैलाने वाले राजद की यह पुरानी आदत है। वह लोगों को विकास के मुद्दों से भटकाना चाहते हैं। हम सब मजबूती से, अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में एनडीए के साथ खड़े हैं।
साथ ही वैशाली से लोजपा(रा) सांसद वीणा देवी ने भी पार्टी की एकजुटता को लेकर कहा चट्टान की तरह हमलोग चिराग पासवान के साथ खड़े हैं, पार्टी में कोई टूट नहीं होने वाली है। राजद के लोग भ्रम फैला रहे हैं। अब लोग अपना पुलाव पक्का रहा है, मनगढ़त कहानी बना रहे हैं। हमलोग एनडीए के साथ हैं और सबका साथ सबका विश्वास के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष के वीजन बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट के तर्ज पर काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि, यहां कोई खेल होने वाला नहीं है उनके मंसूबो पर पानी फिर जाएगा।