Anant Singh News: मोकामा के बाहुबली नेता अनंत सिंह आज लेंगे विधायक पद की शपथ, भारी सुरक्षा के बीच इतने बजे पहुंचेंगे विधानसभा
Anant Singh News: मोकामा के बाहुबली नेता अनंत सिंह आज विधायक पद की शपथ लेंगे। अनंत सिंह को भारी सुरक्षा के बीच बिहार विधानसभा लाया जाएगा। पुलिस के समक्ष अनंत सिंह शपथ लेंगे और फिर वापस जेल चले जाएंगे।
Anant Singh News: बाहुबली नेता और मोकामा से नवनिर्वाचित विधायक अनंत सिंह आज यानी मंगलवार को विधायक पद की शपथ लेंगे। भारी सुरक्षा के बीच उन्हें सुबह करीब 11 बजे बेऊर जेल से बिहार विधानसभा लाया जाएगा। पटना सिविल कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद उनके शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो गया है। कोर्ट के आदेश के तहत उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिहार विधानसभा लाया जाएगा और शपथ की पूरी प्रक्रिया सुरक्षा निगरानी में संपन्न कराई जाएगी।
आज विधायक पद की शपथ लेंगे छोटे सरकार
जानकारी के अनुसार कोर्ट ने अनंत सिंह को केवल शपथ ग्रहण के लिए ही अनुमति दी है। दुलारचंद यादव हत्याकांड में उन्हें फिलहाल जमानत नहीं मिली है। ऐसे में शपथ समारोह के अलावा वे किसी भी अन्य गतिविधि में शामिल नहीं हो सकेंगे। शपथ लेने के तुरंत बाद उन्हें फिर से न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया जाएगा।
हाईकोर्ट ने सुनवाई से किया इनकार
मालूम हो कि अनंत सिंह करीब तीन महीने से दुलारचंद यादव हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल में बंद हैं। सिविल कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने 24 दिसंबर को पटना हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। हालांकि जिस पीठ में मामले की सुनवाई के लिए लिस्टिंग हुई थी, उस कोर्ट के जज ने सुनवाई से इनकार कर दिया। अब मामले को दूसरे कोर्ट में सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया चल रही है।
242 विधायक ले चुके हैं शपथ
बिहार विधानसभा में अब तक 242 विधायक शपथ ले चुके हैं। अनंत सिंह जेल में बंद होने के कारण अब तक शपथ नहीं ले सके थे। संविधान के आर्टिकल-188 के तहत हर विधायक के लिए पदभार संभालने से पहले शपथ लेना अनिवार्य है। जब तक विधायक शपथ नहीं लेता, तब तक वह सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले सकता और न ही उसे वेतन या भत्ता मिलता है। गौरतलब हो कि, अनंत सिंह ने मोकामा विधानसभा सीट से 28,206 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 91,416 वोट मिले, जबकि राजद प्रत्याशी वीणा देवी को 63,210 वोट प्राप्त हुए थे
क्या है पूरा मामला
दुलारचंद यादव हत्याकांड की बात करें तो 30 अक्टूबर 2025 को मोकामा के घोसवरी थाना क्षेत्र के बसावनचक में राजद नेता और जनसुराज के प्रत्याशी के लिए प्रचार कर रहे दुलारचंद यादव की चुनावी झड़प में मौत हो गई। इस मामले में आरोप अनंत सिंह पर लगे थे। उन्हें 1 नवंबर की रात गिरफ्तार किया गया और 2 नवंबर को कोर्ट में पेश करने के बाद बेऊर जेल भेज दिया गया।