NEW DELHI : देश ने कोरोना के खिलाफ जंग में एक बड़ी कामयाबी हासिल कर ली है। देश ने एक अरब कोरोना वैक्सीनेशन के लक्ष्य को हासिल कर लिया है। गुरुवार सुबह 9.47 में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस उपलब्धि को प्राप्त करने में भारत को 280 दिन का समय लगा सुदूर पहाड़ी इलाकों से लेकर इसी साल 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण के बाद अब से आज तक 1 अरब से ज्यादा कोरोना टीके लोगों को लगाए जा चुके हैं। इनमें करीब 75% युवा आबादी को कम से कम एक डोज लग चुका है और 31% आबादी को दोनों डोज लग चुके हैं। कोरोना वैक्सीनेशन में मिला सफलता का नतीजा है कि कई राज्यों में तो नए केसों की संख्या 100 से भी कम रह गई है। यही नहीं देश भर का आंकड़ा भी पिछले 5 दिनों से लगातार 15,000 से कम बना हुआ है।
राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे पीएम
100 करोड़ डोज पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचे। वे यहां करीब 20 मिनट रहे। इस दौरान उन्होंने हेल्थकेयर वर्कर्स से बात की। कुछ दिव्यांगों और अस्पताल के सुरक्षाकर्मी और दूसरे स्टाफ से भी बात की। इस दौरान उन्होंने देश को इस शानदार सफलता के लिए बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि देश को 100 करोड़ वैक्सीन का सुरक्षा कवच मिला है. मोदी ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी.मोदी ने कहा कि आज एक उत्साह है और दायित्व बोध भी है कि हमें मिलकर कोरोना को हराना है.पीएम ने कहा कि कि आज जब सरकार देश के हर ज़िले में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज बनाने पर बल दे रही है तो इसमें निजी क्षेत्र की भूमिका भी बहुत अहम है।
पीएम ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा भारत ने इतिहास रचा. हम भारतीय विज्ञान, उद्यम और 130 करोड़ भारतीयों की सामूहिक भावना की विजय देख रहे हैं. 100 करोड़ टीकाकरण पार करने पर भारत को बधाई. हमारे डॉक्टरों, नर्सों और इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए काम करने वाले सभी लोगों का आभार.
लाल किले पर लहराएगा खादी का तिरंगा
कोविड-19 से बचाव के लिए जारी टीकाकरण के तहत दी गई खुराकों की संख्या 100 करोड़ पूरा होने पर देश में सबसे बड़े खादी तिरंगे को गुरुवार को लाल किले में फहराया जाएगा। इस तिरंगे की लंबाई 225 फुट और चौड़ाई 150 फुट है और इसका वजन लगभग 1,400 किलोग्राम है। उन्होंने कहा कि यही तिरंगा दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर लेह में फहराया गया था।इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया लाल किले से गायक कैलाश खेर का गीत और ऑडियो-विजुअल फिल्म जारी करेंगे।
इस तरह पहुंचे 100 करोड़ तक
देश में 16 जनवरी से वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत हुई। शुरुआती 20 करोड़ वैक्सीन डोज 131 दिन में लगे। अगले 20 करोड़ डोज 52 दिन में दिए गए। 40 से 60 करोड़ डोज देने में 39 दिन लगे। 60 करोड़ से 80 करोड़ डोज देने में सबसे कम, महज 24 दिन लगे।
अब 80 करोड़ से 100 करोड़ होने में 31 दिन लगे हैं। यानी अब रफ्तार कम हो गई है। अगर इसी रफ्तार से वैक्सीनेशन होता रहा तो देश में 216 करोड़ वैक्सीन डोज लगने में करीब 175 दिन और लगेंगे। यानी, 5 अप्रैल 2022 के आसपास ये आंकड़ा हम पार कर सकते हैं।
किस राज्य में लगा सबसे अधिक डोज
उत्तर प्रदेश - 12,21,40,914
महाराष्ट्र - 9,32,00,708
पश्चिम बंगाल - 6,85,12,932
गुजरात - 6,76,67,900
मध्य प्रदेश - 6,72,24,286