बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

Home  ›  Region  ›  

बिहार में बाढ़ का संकट, सीएम नीतीश आज करेंगे कई जिलों का हवाई सर्वेक्षण, जानिए क्या है पूरा कार्यक्रम

बिहार में बाढ़ का संकट, सीएम नीतीश आज करेंगे कई जिलों का हवाई सर्वेक्षण, जानिए क्या है पूरा कार्यक्रम

PATNA: बिहार में अब बारिश आफत बनती जा रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण अब बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है। नेपाल और उत्तर बिहार में भारी बारिश के बाद गंडक नदी में भारी उफान है। वहीं बाढ़ के खतरे को देखते हुए अब राज्य सरकार एक्शन मोड में आ गई है। वहीं आज यानी सोमवार को सीएम नीतीश कुमार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिलों में नदियों के बढ़ते जलस्तर का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। 

सीएम नीतीश आज नेपाल बॉर्डर स्थित गंडक बराज का भी निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे नदियों के जलस्तर की स्थिति का जायजा लेंगे। निरीक्षण के बाद वे अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जरूरी निर्देश देंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सोमवार को अपने आवास पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पौधारोपण करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे वे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और हेलिकॉप्टर के जरिए विभिन्न जिलों का हवाई सर्वेक्षण करने के लिए रवाना होंगे। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गंडक समेत अन्य नदियों के बढ़ते जलस्तर के साथ ही कटाव एवं अन्य हालातों का भी जायजा लेंगे। पश्चिम चंपारण के डीएम दिनेश कुमार राय ने बताया कि जिले में फिलहाल बाढ़ की स्थिति नहीं है। मुख्यमंत्री वाल्मीकि नगर में गंडक बराज, बगहा में कैलाश नगर, शास्त्री नगर समेत कटाव क्षेत्रों का जायजा लेंगे। जल संसाधन विभाग के अनुसार उत्तर बिहार की प्रमुख नदियां उफान पर हैं। गंडक, कोसी, बागमती, कमला बलान और महानंदा नदी कुछ जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। 

गंडक बराज से 4.40 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है, जिससे पश्चिम चंपारण जिले के दियारा क्षेत्र के गांव जलमग्न हो गए हैं। बगहा शहर के भी कुछ इलाकों में नदी का पानी पहुंचा है। यही हालात, सुपौल जिले में कोसी तटबंध पर बसे गांवों का भी है। लोगों के घरों तक दो-दो फीट पानी पहुंच गया है। पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, मधेपुरा और सहरसा जिले में भी बाढ़ का खतरा मंडरा गया है। 

Editor's Picks